दावत-ए-इस्लामी इंडिया के इज्तिमा को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित, 17 एवं 18 अक्टूबर को कैथून में होगा आयोजन
कोटा। दावत-ए-इस्लामी इंडिया की ओर से 17 एवं 18 अक्टूबर को कैथून, कोटा में आयोजित होने वाले दो दिवसीय इज्तिमा को लेकर बुधवार को वाईजीएन कैंपस, विज्ञान नगर, कोटा में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावत-ए-इस्लामी इंडिया के जिम्मेदारों ने इज्तिमा की तैयारियों एवं कार्यक्रम के उद्देश्यों की जानकारी दी। इज्तिमा के मीडिया प्रभारी अरशद अंसारी ने बताया कि इस दो दिवसीय इज्तिमा में कोटा संभाग सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि इज्तिमा का मुख्य उद्देश्य लोगों को दीन की जानकारी देना, नेकियों पर अमल करने, बुराइयों से दूर रहने तथा पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं पर चलने की प्रेरणा देना है। इसके साथ ही समाज में भाईचारे, अच्छे आचरण और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने तथा युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखकर समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि इज्तिमा को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में इज्तिमा में शामिल होकर धार्मिक एवं नैतिक शिक्षाओं से लाभ प्राप्त करने की अपील की।
इस अवसर पर संभाग अध्यक्ष मोहम्मद शाहिद, कोटा अध्यक्ष अमीन अत्ततारी, फाइनेंस की जिम्मेदारी संभाल रहे शोयब अली एवं मोहम्मद आमिर रजा सहित अन्य जिम्मेदार मौजूद रहे।





