लेखक परमानन्द गोयल ने KDA की भूमि अवाप्ति अधिकारी को भेंट की पुस्तक ‘कोटा लैंड बैंक’
विशेष संवाददाता – भारत सिंह चौहान
कोटा, 13 अक्टूबर/लेखक एवं विचारक परमानन्द गोयल ने अपनी नवीनतम कृति ‘कोटा लैंड बैंक : विश्लेषण और अवसर’ कोटा विकास प्राधिकरण की भूमि अवाप्ति अधिकारी शिक्षा पवन को भेंट की।
इस अवसर पर शिक्षा पवन ने लेखक के सतत सृजनशील लेखन की सराहना करते हुए कहा कि यह पुस्तक कोटा के शहरी विकास को समझने के लिए पाठकों को नई दृष्टि और महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करेगी।
पुस्तक के विषय में जानकारी देते हुए परमानन्द गोयल ने बताया कि इस कृति में कोटा की भूमि व्यवस्था, आवासीय एवं व्यावसायिक योजनाओं की वर्तमान स्थिति, रिक्त भूखंडों का विवरण, भूमि प्रबंधन से जुड़ी चुनौतियों तथा भविष्य की संभावनाओं का सरल, सहज और तथ्यपरक विश्लेषण किया गया है।
आम नागरिकों एवं निवेशकों की जिज्ञासाओं को केन्द्र में रखते हुए पुस्तक में अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs), उपयोगी जानकारियाँ, नीतिगत प्रावधानों की व्याख्या तथा कोटा विकास प्राधिकरण की प्रमुख योजनाओं का समावेश किया गया है।
लेखक के अनुसार यह पुस्तक शहरी नियोजन, भूमि प्रबंधन और रियल एस्टेट में रुचि रखने वाले आम नागरिकों, नगर नियोजकों, शोधार्थियों और निवेशकों के लिए एक उपयोगी संदर्भ ग्रंथ सिद्ध होगी।
उल्लेखनीय है कि सामाजिक, विकासात्मक एवं समसामयिक विषयों पर निरन्तर लेखन कर रहे ‘संसद विजिट – यादें’, ‘कोटा टूरिज्म’ और ‘विचारों की उड़ान’ जैसी चर्चित पुस्तकों के रचयिता परमानन्द गोयल की यह 8वीं पुस्तक है।









