Sunday, October 11, 2026
as jewellers
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

आचार्य विद्यासागर जी महाराज के जीवन प्रसंगों से प्रेरणा लेने का संदेश

 आचार्य विद्यासागर जी महाराज के जीवन प्रसंगों से प्रेरणा लेने का संदेश

अंतर्राष्ट्रीय ब्रह्मचारी संगोष्ठी के द्वितीय दिवस का प्रथम सत्र सानंद संपन्न

कोटारविवार। आश्विन शुक्ल प्रतिपदा, भगवान नेमिनाथ जी के ज्ञान कल्याणक के पावन अवसर पर पुण्योदय अतिशय क्षेत्र, दादाबाड़ी नसियां जी, कोटा में आयोजित दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय ब्रह्मचारी संगोष्ठी के द्वितीय दिवस का प्रथम सत्र आध्यात्मिक वातावरण में सानंद संपन्न हुआ। सत्र में संत शिरोमणि आचार्य 108 विद्यासागर जी महामुनिराज के प्रेरणादायी जीवन प्रसंगों, विराट व्यक्तित्व, आध्यात्मिक साधना तथा विश्व, राष्ट्र और समाज के प्रति उनके अतुलनीय योगदान पर वक्ताओं ने सारगर्भित विचार प्रस्तुत किए। आचार्य के जीवन से जुड़ी घटनाओं एवं संस्मरणों के माध्यम से उनके आदर्शों को स्मरण करते हुए उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया गया।

मंगलाचरण के साथ हुआ सत्र का शुभारंभ

कार्यक्रम का संचालन ब्रह्मचारी सुनील भैया, इंदौर ने किया। सत्र का शुभारंभ आचार्य विद्यासागर पाठशाला, दादाबाड़ी, कोटा की नन्ही बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत मंगलाचरण से हुआ। इसके पश्चात थांवला परिवार एवं वेद परिवार द्वारा चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन एवं शास्त्र भेंट के माध्यम से कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।

वक्ताओं ने संस्मरणों के माध्यम से किया आचार्य का गुणगान

संगोष्ठी के प्रथम सत्र में सर्वप्रथम ब्रह्मचारी अशोक भैया, बनारस (स्याद्वाद महाविद्यालय) ने सादाबाद महाविद्यालय से जुड़े प्रसंगों तथा आचार्य के व्यक्तित्व के विभिन्न आयामों पर अपने ओजस्वी विचार प्रस्तुत किए।

द्वितीय वक्ता ब्रह्मचारी तरुण भैया, इंदौर ने आचार्य विद्यासागर जी महाराज के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए सुनीति शतक सहित विभिन्न शतकों के माध्यम से उनके साहित्यिक एवं आध्यात्मिक चिंतन को रेखांकित किया।

तृतीय वक्ता ब्रह्मचारी देव भैया, हीरापुर ने आचार्य के जीवन से जुड़ी घटनाओं का उल्लेख करते हुए उनके आत्मसंयम, तपस्या और कठोर साधना से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

चतुर्थ वक्ता ब्रह्मचारी नितिन भैया, इंदौर ने आचार्य के विराट व्यक्तित्व तथा उनके मार्गदर्शन और प्रेरणा से स्थापित सर्वोदय, पुण्योदय एवं ज्ञानोदय जैसे तीर्थों और संस्थानों के माध्यम से समाज को मिली दिशा पर अपने विचार व्यक्त किए।

इसके पश्चात ब्रह्मचारी अशोक भैया, सांगली, महाराष्ट्र ने डोंगरगढ़ प्रवास के दौरान आचार्य की सल्लेखना से जुड़े घटनाक्रमों एवं संस्मरणों को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया। ब्रह्मचारी मुकेश भैया, इंदौर आश्रम ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए आचार्य के जीवन आदर्शों और आध्यात्मिक योगदान को रेखांकित किया।

सभी वक्ताओं ने अपने संस्मरणों के माध्यम से आचार्य के त्याग, तप, संयम, करुणा, ज्ञान, दूरदर्शिता और राष्ट्र तथा समाज को नई दशा एवं दिशा देने वाले कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि आचार्य का जीवन केवल आध्यात्मिक साधना का उदाहरण नहीं, बल्कि आत्मकल्याण के साथ लोककल्याण की भावना को साकार करने वाली महान प्रेरणा है। उनका जीवन भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों, स्वदेशी भावना, शिक्षा, साहित्य और मानवता के उत्थान के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उनके जीवन की छोटी-छोटी घटनाओं में भी गहन आध्यात्मिक संदेश और जीवन को श्रेष्ठ बनाने की प्रेरणा निहित

मुनि योगसागर जी महाराज ने संस्मरणों के माध्यम से किया प्रेरित

सत्र के अंत में निर्यापक श्रमण मुनि 108 योगसागर जी महाराज ने अपने मंगल प्रवचन में आचार्य विद्यासागर जी महामुनिराज के विराट व्यक्तित्व एवं कृतित्व का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने आचार्य के जीवन से जुड़े अनेक संस्मरणों का उल्लेख करते हुए उनकी विलक्षण प्रतिभा, गहन आध्यात्मिकता, कठोर तप-साधना और अनुपम त्यागमय जीवन की विशेषताओं को रेखांकित किया।

मुनि ने आचार्य के जीवन की विविध घटनाओं के माध्यम से उनकी दूरदृष्टि, आत्मानुशासन, करुणा और धर्म के प्रति अटूट निष्ठा को समझने की प्रेरणा दी। उन्होंने आचार्य को विद्या, साधना और श्रमण संस्कृति का अनुपम प्रतीक बताते हुए उनके जीवन आदर्शों को आत्मसात करने की आवश्यकता पर बल दिया। उनके प्रेरक संस्मरणों ने उपस्थित साधकों एवं श्रोताओं को आचार्य के व्यक्तित्व की गहराई और विचारों की व्यापकता से परिचित कराया।

अंतर्राष्ट्रीय ब्रह्मचारी संगोष्ठी का यह सत्र आचार्य के जीवन, दर्शन और प्रेरणादायी कार्यों के स्मरण के साथ ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणाप्रद रहा। संगोष्ठी का मूल उद्देश्य आचार्य के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना, ब्रह्मचर्य एवं आध्यात्मिक साधना के महत्व को समझना तथा उनके बताए मार्ग पर चलकर आत्मकल्याण और समाजकल्याण की दिशा में आगे बढ़ना रहा।

आज के प्रमुख पुण्यार्जक

विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में श्रद्धालुओं ने भक्तिभावपूर्वक पुण्यार्जन किया। प्रशासनिक मंत्री अर्चना जैन सर्राफ ने बताया कि श्रावक श्रेष्ठी सम्मान, चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन एवं शास्त्र भेंट का पुण्यार्जन राजेंद्र, रजनी एवं समस्त गोधा परिवार द्वारा किया गया। कलश स्थापना का पुण्यलाभ भी श्रद्धालु परिवार ने प्राप्त किया।

सुमित सेंकी एवं मनोज बगड़ा ने बताया कि शांतिधारा का पुण्यार्जन राजेंद्र, हुकम काका एवं प्रकाश हरसोरा परिवार; विमला, धनराज एवं सुरेश जेठानीवाल परिवार; रूप किशोर, सुशील कुमार सिकन्दरा, आगरा तथा सुशीला बाई, अशोक एवं राजकुमार ठोरा परिवार द्वारा किया गया।

धर्मचंद धनोप्या ने बताया कि भक्तामर विधान का पुण्यार्जन बोधराज, अशोक एवं राजकुमार दुगेरिया परिवार द्वारा श्रद्धाभावपूर्वक किया गया।

सुनील माडिया के अनुसार मुनि योगसागर जी महाराज के आहारदान का पुण्यलाभ ओमप्रकाश, दीपेश एवं संदीप ठग परिवार को प्राप्त हुआ। वहीं मुनि प्रणवसागर जी महाराज के आहारदान का सौभाग्य कपूर एवं मंजू धनोप्या परिवार को मिला। मंगलाचरण का पुण्य अवसर हर्षा कोटिया को प्राप्त हुआ।

धर्मसभा के समापन पर श्रद्धालुओं ने आचार्य की पूजन-अर्चना कर अर्घ्य समर्पित किए तथा जिनवाणी वंदना के माध्यम से धर्मलाभ अर्जित किया।

गुरुवाणी का अमृत संदेश

आचार्य विद्यासागर जी महाराज का जीवन त्याग, तप, संयम, ज्ञान और करुणा की ऐसी प्रेरणापुंज धारा है, जो प्रत्येक साधक को आत्मकल्याण के मार्ग पर अग्रसर होने की प्रेरणा देती है। उनके आदर्शों को केवल स्मरण करना ही नहीं, बल्कि अपने आचरण में उतारना ही उनके प्रति सच्ची विनयांजलि है।

Screenshot_2026-10-05-18-54-50-53_c0d35d5c8ea536686f7fb1c9f2f8f274
previous arrow
next arrow

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles