हेलमेट के अंदर छिपा मिला चार फीट लंबा साँप, निगम की रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित किया रेस्क्यू
कोटा। शहर के महावीर नगर विस्तार योजना क्षेत्र में उस समय परिवार में हड़कंप मच गया, जब घर में अलमारी के ऊपर रखे हेलमेट के अंदर एक साँप छिपा दिखाई दिया। साँप को देखकर परिजनों ने तुरंत नगर निगम की रेस्क्यू टीम को सूचना दी।
सूचना मिलते ही नगर निगम के रेस्क्यू एक्सपर्ट रॉकी डैनियल एवं गिरीश श्रृंगी मौके पर पहुंचे। टीम ने स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया तो पता चला कि करीब चार फीट लंबा साँप हेलमेट के अंदर जाकर छिपा हुआ था।
हेलमेट के अंदर साँप होने के कारण उसे सुरक्षित बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण था। रेस्क्यू एक्सपर्ट्स ने सावधानीपूर्वक कार्रवाई करते हुए बिना साँप को नुकसान पहुंचाए उसे हेलमेट से बाहर निकाला और सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
धामन प्रजाति का था साँप
रेस्क्यू के दौरान पहचान करने पर साँप के धामन (Indian Rat Snake) प्रजाति का होने की पुष्टि हुई। रेस्क्यू एक्सपर्ट रॉकी डैनियल ने बताया कि धामन विषहीन साँप है। यह चूहों, छिपकलियों और अन्य छोटे जीवों को खाकर पारिस्थितिकी तंत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
रेस्क्यू टीम ने साँप को सुरक्षित कब्जे में लेने के बाद उसे किसी प्रकार की चोट न पहुंचे, इसका विशेष ध्यान रखा। रेस्क्यू प्रक्रिया पूरी होने के बाद साँप को उसके प्राकृतिक आवास के अनुकूल सुरक्षित वन क्षेत्र में ले जाकर छोड़ दिया गया।
हेलमेट-जूते सहित सामान की जांच की अपील
रेस्क्यू एक्सपर्ट ने लोगों से अपील की कि घरों में लंबे समय तक बाहर या खुले स्थान पर रखे हेलमेट, जूते, जूते के डिब्बे, लकड़ी का सामान, कबाड़ और अन्य वस्तुओं को इस्तेमाल करने से पहले अच्छी तरह जांच लें। मौसम में बदलाव के दौरान साँप सुरक्षित, अंधेरी और गर्म जगहों की तलाश में ऐसी वस्तुओं के अंदर या पीछे छिप सकते हैं।
उन्होंने कहा कि घर या आसपास साँप दिखाई देने पर उसे पकड़ने या मारने का प्रयास नहीं करें। घबराने के बजाय सुरक्षित दूरी बनाए रखें और प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
नगर निगम की रेस्क्यू टीम की तत्परता से चार फीट लंबे धामन साँप का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे प्राकृतिक वातावरण में वापस छोड़ दिया गया।






