ARCASIA 23 में KDA की पहल को अंतरराष्ट्रीय सराहना,24 देशों के प्रतिनिधियों के बीच प्रदर्शित हुआ कोटा का विकास विज़न
जयपुर। जयपुर में 11 से 13 सितंबर तक आयोजित ARCASIA 23 में कोटा विकास प्राधिकरण ने कोटा के विकास विज़न को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया। 24 देशों के प्रतिनिधियों की सहभागिता वाले इस आयोजन में KDA ने प्रदर्शनी के माध्यम से शहर में किए गए विकास कार्यों, प्रस्तावित परियोजनाओं, भविष्य की विकास संभावनाओं और निवेश के अवसरों की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के दौरान KDA आयुक्त बचनेश कुमार अग्रवाल ने सभा को संबोधित करते हुए कोटा के भविष्य के विकास एवं निवेश की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आधुनिक आधारभूत संरचना, सुनियोजित शहरी विकास और प्रस्तावित परियोजनाओं के कारण कोटा में निवेश के लिए व्यापक अवसर उपलब्ध हैं।
KDA की प्रदर्शनी एवं प्रस्तुतिकरण को देश-विदेश से आए आर्किटेक्ट्स एवं विशेषज्ञों ने सराहा। प्रसिद्ध भारतीय आर्किटेक्ट संजय पुरी एवं रेज़ा काबुल ने भी KDA के प्रयासों तथा कोटा में विकास एवं निवेश की संभावनाओं की प्रशंसा की।
इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर KDA की सहभागिता से कोटा की विकास क्षमता को वैश्विक वास्तुकला एवं शहरी नियोजन समुदाय के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का अवसर मिला। साथ ही, संभावित निवेश एवं तकनीकी सहयोग के लिए नए संपर्क भी स्थापित हुए।
आयुक्त बचनेश कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में KDA की ओर से भूपेश मालव, निदेशक नियोजन; आईएएस उत्कर्ष यादव; आईएएस सुश्री सृष्टि दास; एवं सुश्री श्रीवंगी अजमेरा, सहायक नगर नियोजक ने आयोजन में भाग लिया।






