कोटा/बूंदी। आर्थिक अभावों के बावजूद कठिन परिश्रम और लगन से नीट परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले सूरज सुमन का रविवार को बूंदी जिले की तालेड़ा तहसील के अलगोदिया गांव स्थित उनके निवास पर भव्य स्वागत किया गया। समाजसेवी डॉ. दुर्गा शंकर सैनी एवं समाज के प्रबुद्धजनों ने साफा एवं दुपट्टा पहनाकर, पुष्पवर्षा कर तथा मिठाई खिलाकर उनकी उपलब्धि का सम्मान किया।
सूरज सुमन मूल रूप से कापरेन के निवासी हैं और वर्तमान में अलगोदिया में अपने मामा महावीर सुमन के पास रहकर अध्ययन कर रहे हैं। उनके मामा पुताई का कार्य करते हैं, जबकि माता घिसी बाई खेतों में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती हैं। सूरज की मौसी ने भी उनकी शिक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
समारोह के दौरान परिवार ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। गुरु नाथूलाल पहलवान ने सूरज को उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया।
समाजसेवी डॉ. दुर्गा शंकर सैनी ने कहा कि सूरज की सफलता संघर्ष, मेहनत और दृढ़ संकल्प का प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मेडिकल शिक्षा के दौरान भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर वे स्वयं तथा माली समाज की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएंगे।
इस अवसर पर गुरु नाथूलाल पहलवान, डॉ. दुर्गा शंकर सैनी, महेंद्र सुमन, नरेंद्र नागर, मुकेश धाकड़, महावीर सुमन सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग एवं परिवारजन उपस्थित रहे।





