कोटा। कोटा ग्रामीण पुलिस ने ‘ऑपरेशन क्रिमिनल डिस्टिंग’ के तहत वाहन चोरों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए चोरी की पांच मोटरसाइकिलें और एक सोने का मंगलसूत्र बरामद किया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर के निर्देशन में थाना सांगोद पुलिस एवं जिला विशेष टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी हरिओम उर्फ हरीश (22) निवासी सुल्तानपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी सार्वजनिक स्थानों एवं सुनसान इलाकों में खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाता था। चोरी के बाद वह वाहनों की नंबर प्लेट बदल देता था तथा चेसिस और इंजन नंबर घिसकर उनकी पहचान मिटाने का प्रयास करता था।
मामले की शुरुआत 29 जुलाई को हुई, जब सांगोद निवासी अंसार अहमद ने थाना सांगोद में रिपोर्ट दर्ज कराई कि ईदगाह में क्रिकेट मैच देखने के दौरान उसकी मोटरसाइकिल (आरजे-33 एसएफ-2477) चोरी हो गई। शिकायत के बाद पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई।
पूछताछ और आरोपी की निशानदेही पर थाना सांगोद, सुल्तानपुर, कोटा शहर, सीमलिया तथा बारां जिले के सीसवाली क्षेत्र से चोरी हुई पांच मोटरसाइकिलें और ग्राम तालछी से चोरी हुआ एक सोने का मंगलसूत्र बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में मुकेश मीणा नामक दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
कोटा ग्रामीण पुलिस के अनुसार, संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले तीन महीनों में विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी हुई करीब 80 मोटरसाइकिलें बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाई जा चुकी हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।






