कोटा/चित्तौड़गढ़। “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) राजस्थान यूनिट ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 73.150 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा तथा एक वेन्यू कार जब्त की है। यह कार्रवाई 31 जुलाई 2026 को चित्तौड़गढ़ जिले की बेगूं तहसील के बर्नियास गांव में की गई।
सीबीएन को गुप्त सूचना मिली थी कि बर्नियास गांव में एक बाड़े के पास खड़ी वेन्यू कार में अवैध डोडा चूरा रखा हुआ है। सूचना के आधार पर सीबीएन चित्तौड़गढ़ सेल के अधिकारियों की टीम गठित कर 30 जुलाई को मौके पर रवाना किया गया।
तलाशी के दौरान टीम को बाड़े में खड़ी वेन्यू कार से 73.150 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। अधिकारियों ने मौके पर वाहन और बाड़े के मालिक की तलाश की, लेकिन कोई व्यक्ति नहीं मिला।
कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद डोडा चूरा और वेन्यू कार को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत जब्त कर लिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है तथा तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश की जा रही है।
सीबीएन ने बताया कि यह कार्रवाई अधिकारियों की सतर्कता, कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है। “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत एजेंसी की शून्य सहनशीलता नीति के अनुसार केवल मादक पदार्थों की जब्ती ही नहीं, बल्कि अवैध तस्करी नेटवर्क और ड्रग कार्टेल्स को पूरी तरह खत्म करना भी उद्देश्य है। सीबीएन ने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा।






