कोटा। प्रेस क्लब कोटा में शनिवार को साहित्यिक संस्था विकल्प के तत्वावधान में महान साहित्यकार मुंशी प्रेमचंद की जयंती साहित्यिक गरिमा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में कहानी पाठ, साहित्यिक विमर्श और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर कथाकार जगदीश भारती ने अपनी चर्चित कहानी “कुण ऊंच कुण नीच” का प्रभावशाली वाचन किया, जबकि कथाकार मेघना तरुण ने अपनी कहानी “भंवर” का पाठ कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। दोनों कथाकारों के उत्कृष्ट साहित्यिक योगदान के लिए उनका सम्मान भी किया गया।
मांगरोल से पधारे जनकवि डॉ. जगदीश निराला ने दोनों साहित्यकारों का माल्यार्पण एवं शाल ओढ़ाकर अभिनंदन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार अंबिकादत्त चतुर्वेदी ने की। मुख्य अतिथि के रूप में मुकुटमणि राज तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में अतुल चतुर्वेदी एवं बूंदी से आए संजय शर्मा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में कोटा संभाग के अनेक साहित्यकारों, कवियों और साहित्य प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा प्रेमचंद के साहित्य और उनके सामाजिक सरोकारों पर विचार साझा किए।
समारोह के दौरान जनकवि डॉ. जगदीश निराला ने कथाकार जगदीश भारती को अपनी हाल ही में प्रकाशित पुस्तक “रूपाळी म्हारी मांगरोळ” तथा मेघना तरुण को हिंदी साहित्य की कविता, गीत और ग़ज़लों का संकलन “उमंग” भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम साहित्य, संवाद और रचनात्मक अभिव्यक्ति के उत्सव के रूप में संपन्न हुआ।





