कोटा। आयुक्त कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए) बचनेश अग्रवाल के निर्देशन में शुक्रवार को ग्राम आनन्दपुरा स्थित ट्रांसपोर्ट नगर योजना में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण की भूमि एवं पार्किंग स्थल पर किए गए अवैध कब्जों को ध्वस्त कर हटाया गया।
प्राधिकरण के अनुसार ट्रांसपोर्ट नगर योजना के भूखंडों एवं पार्किंग स्थल पर अवैध रूप से गुमटियां, ठेले, टीनशेड और टापरियां बनाकर अतिक्रमण किया गया था। इसके अलावा पार्किंग क्षेत्र में लंबे समय से नकारा वाहनों के चेसिस, केबिन, टायर, कमानी, एक्सल सहित अन्य कबाड़ सामग्री स्थायी रूप से डालकर सार्वजनिक स्थान पर कब्जा कर लिया गया था। इस संबंध में प्राधिकरण को लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं।
शिकायतों के सत्यापन के बाद प्राधिकरण के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माणों को हटाया तथा पार्किंग स्थल को अतिक्रमण मुक्त कराया।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार ललित किशोर नागर, भू-अभिलेख निरीक्षक हरिश्चन्द्र प्रजापति, भवानीशंकर कारपेंटर, हरीश कुमार गुप्ता, पटवारी हितेश माहेश्वरी, सहायक अभियंता नितिन नागर सहित प्राधिकरण का पुलिस जाब्ता मौजूद रहा।
केडीए ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक भूमि एवं प्राधिकरण की योजनाओं में किसी भी प्रकार के अवैध अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में भी शिकायत मिलने पर इसी प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।





