भारत सिंह चौहान
कोटा/मानव जीवन को बचाने और समाज में जागरूकता का उजियारा फैलाने के उद्देश्य से मंगलवार को सैटेलाइट हॉस्पिटल रामपुरा में एक वृहद अंगदान जागरूकता अभियान का सफल आयोजन किया गया। यह प्रेरणादायी कार्यक्रम गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (GMC) कोटा, कोटा किडनी फाउंडेशन और राजस्थान राज्य भारत स्काउट एंड गाइड कोटा मंडल के पूर्व उप प्रधान इंजीनियर आर. सी. गुप्ता के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित हुआ।
कुशल नेतृत्व में मिली सफलता
यह पूरा अभियान जीएमसी कोटा के प्रिंसिपल एवं कंट्रोलर डॉ. नीलेश कुमार जैन तथा ट्रांसप्लांट नोडल अधिकारी डॉ. विकास खंडेलिया के कुशल मार्गदर्शन और नेतृत्व में संपन्न हुआ। चिकित्सा क्षेत्र के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी ने इस अभियान को और अधिक प्रभावशाली बनाया। कानूनी पहलुओं की दी जानकारी, भ्रांतियों पर किया प्रहार
सेमिनार के मुख्य वक्ता सीनियर ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर राकेश जैन तथा ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर दीपिका अवस्थी रहे। उन्होंने ‘अंगदान-महादान’ विषय पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए इसके कानूनी नियमों और व्यवस्थाओं से सभी को अवगत कराया। वक्ताओं ने समाज में अंगदान को लेकर फैली सदियों पुरानी भ्रांतियों और अंधविश्वासों पर कड़ा प्रहार किया और वैज्ञानिक तथ्यों को सामने रखकर लोगों का संशय दूर किया।अस्पताल स्टाफ और विद्यार्थियों ने ली सामूहिक शपथ
कार्यक्रम में सैटेलाइट रामपुरा हॉस्पिटल के नर्सिंग अधीक्षक ने सक्रिय भूमिका निभाई।
सेमिनार में अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टर्स, नर्सिंग स्टाफ और मेडिकल स्टूडेंट्स ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित चिकित्साकर्मियों और छात्र-छात्राओं ने मानव सेवा का संकल्प लेते हुए अंगदान करने की सामूहिक शपथ ग्रहण की।






