आयुक्त बचनेश कुमार अग्रवाल ने किया सघन निरीक्षण, नगर नियोजन शाखा को जल्द कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश
कोटा। शहर के भविष्य के सुनियोजित विस्तार को गति देने के लिए कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए) ने नई आवासीय और व्यावसायिक योजनाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। केडीए आयुक्त बचनेश कुमार अग्रवाल ने मंगलवार को कोटा से मोरू कलां दरा तक के क्षेत्र का व्यापक दौरा कर विभिन्न स्थानों पर प्राधिकरण की भूमि का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों की टीम ने प्राधिकरण के स्वामित्व वाली एवं क्षेत्राधिकार में आने वाली सिवायचक भूमियों का आकलन किया। इन जमीनों पर भविष्य में शहर की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए नई आवासीय कॉलोनियां, व्यावसायिक परियोजनाएं और फार्म हाउस प्रोजेक्ट्स विकसित करने की संभावनाओं का अध्ययन किया गया।
दौरे के दौरान ग्राम जगपुरा में खसरा नंबर 57, 84, 85 एवं 95, ग्राम कसार में रीको को आवंटित भूमि तथा गोयल प्रोटीन्स के पीछे रेलवे ट्रैक के समीप लगभग 27 हेक्टेयर सिवायचक भूमि का निरीक्षण किया गया। इसके अलावा ग्राम मंडाना में रीको को आवंटन के लिए प्रस्तावित 221 बीघा भूमि, ग्राम फाटाखेड़ा में रावठा स्टेशन के पास लगभग 20 हेक्टेयर, ग्राम दोबड़ा में करीब 44 हेक्टेयर, ग्राम पदमपुरा में 87 हेक्टेयर सरकारी भूमि तथा ग्राम रावठा एवं मोहनपुरा में मुख्य मार्ग के दोनों ओर स्थित लगभग 40-40 हेक्टेयर भूमि का भी मुआयना किया गया।
निरीक्षण के बाद आयुक्त ने निर्देश दिए कि चिन्हित सभी भूमियों का सर्वोत्तम उपयोग सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए नगर नियोजन शाखा एवं संबंधित अधिकारियों के साथ शीघ्र बैठक कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी, ताकि नई विकास योजनाओं को जल्द धरातल पर उतारा जा सके।
निरीक्षण के दौरान केडीए सचिव मुकेश कुमार चौधरी तथा तहसीलदार ललित कुमार नागर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





