अतिक्रमण हटाकर केडीए आयुक्त बचनेश कुमार अग्रवाल ने निर्माण कार्य कराया पुनः शुरू, ‘दृष्टि ऐप’ से होगी हर सप्ताह मॉनिटरिंग
कोटा। कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए) की वर्ष 2016 से अटकी हुई ‘पार्थ अपार्टमेंट’ आवासीय योजना को आखिरकार नई गति मिल गई है। केडीए आयुक्त बचनेश कुमार अग्रवाल ने सोमवार को देवली अरब रोड स्थित निर्माणाधीन परियोजना का निरीक्षण कर अतिक्रमण हटवाने के बाद दोबारा शुरू हुए निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
यह योजना लंबे समय से साइट पर अतिक्रमण के कारण रुकी हुई थी। निर्माण कार्य ठप होने से संवेदक काम छोड़कर चला गया था और जनवरी 2024 तक फ्लैट की राशि जमा करा चुके सैकड़ों आवेदक अपने आशियाने का इंतजार कर रहे थे। आयुक्त के हस्तक्षेप के बाद अतिक्रमण हटाया गया और करीब एक दशक से बंद पड़ा निर्माण कार्य फिर से शुरू हो गया।
परियोजना के तहत G+3 मॉडल पर कुल 296 फ्लैट बनाए जाएंगे, जिनमें 216 ईडब्ल्यूएस (EWS) और 80 एलआईजी (LIG) श्रेणी के फ्लैट शामिल हैं। आयुक्त ने संवेदक को 30 सितंबर 2027 तक हर हाल में निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए हैं तथा इसके लिए 15 माह की समयसीमा निर्धारित की है।
उन्होंने संबंधित अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि प्रत्येक 7 दिन में निर्माण कार्य की समीक्षा की जाए और प्रगति की रिपोर्ट केडीए के ‘दृष्टि ऐप’ पर नियमित रूप से अपडेट की जाए, ताकि परियोजना की पारदर्शी निगरानी सुनिश्चित हो सके।
निरीक्षण के दौरान केडीए के अधीक्षण अभियंता आर.के. जैन सहित संबंधित अभियंता मौजूद रहे।





















