कोटा। शहर के सुभाष नगर स्थित मुक्तिधाम में दाह संस्कार के बाद अस्थियां गायब होने का एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। मुक्तिधाम परिसर में काले कपड़े और तंत्र-मंत्र जैसी गतिविधियों के संकेत मिलने से लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, सुभाष नगर निवासी राजेन्द्र जैन (59) का 26 जुलाई को बीमारी के चलते निधन हो गया था। उसी दिन दोपहर करीब 1 बजे उनका अंतिम संस्कार सुभाष नगर मुक्तिधाम में किया गया। मृतक के पुत्र राहुल जैन ने बताया कि मंगलवार को परिवार के सदस्य तीये की रस्म के लिए मुक्तिधाम पहुंचे तो वहां अस्थियां गायब मिलीं। मौके पर कुछ काले कपड़े पड़े थे और ऐसे निशान दिखाई दिए, जिनसे प्रतीत हो रहा था कि किसी प्रकार की तांत्रिक या धार्मिक क्रिया की गई हो।
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे सोनू धाकड़ ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। उनके अनुसार, इससे पहले भी इसी मुक्तिधाम से 5 से 6 बार अस्थियां चोरी होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। एक मामले में आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले भी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक नहीं लग सकी।
सोनू धाकड़ ने आमजन से तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास के नाम पर किसी के बहकावे में नहीं आने की अपील की। साथ ही प्रशासन से मांग की कि मुक्तिधामों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
















