कोटा। कोटा शहर पुलिस ने सोमवार को केंद्रीय कारागृह (सेंट्रल जेल) में सुरक्षा व्यवस्था को परखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से अचानक सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस हाई-प्रोफाइल ऑपरेशन से जेल परिसर में हड़कंप मच गया।
पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम के निर्देशन में दोपहर 3 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, डीवाईएसपी, तहसीलदार, जेल प्रशासन तथा शहर के 18 थाना अधिकारियों सहित करीब 150 पुलिस एवं जेल कर्मियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
अभियान के दौरान जेल की बैरकों, लंगर, अस्पताल, हाई सिक्योरिटी वार्ड और अन्य संवेदनशील स्थानों की मेटल डिटेक्टर एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों की सहायता से गहन तलाशी ली गई। पूरे ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रही।
पुलिस के अनुसार, सघन तलाशी अभियान में किसी भी कैदी या जेल परिसर से कोई अवैध अथवा प्रतिबंधित सामग्री बरामद नहीं हुई। अधिकारियों ने बताया कि जेल की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने तथा किसी भी संभावित खतरे को रोकने के लिए इस तरह के औचक चेकिंग अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।










