कोटा। ‘सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ’ अभियान के तहत नगर निगम कोटा एवं एनविज़न 5आर वेस्ट मैनेजमेंट द्वारा महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, पाटनपोल में स्वच्छता एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को कचरा पृथक्करण, चार रंगों के डस्टबिनों का सही उपयोग, एकल उपयोग प्लास्टिक से होने वाले दुष्प्रभाव तथा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को स्वच्छता की शपथ दिलाकर अपने आसपास का वातावरण स्वच्छ रखने का संकल्प भी कराया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेश जैन, स्वच्छता निरीक्षक जोधराज झांझोट, जमादार दीपक नरवाल एवं सिकंदर कुमार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन आईईसी एक्सपर्ट दीपेश बघेल, टीम सदस्य अमन तथा एमआईएस एक्सपर्ट ऋषि मेहरा एवं हिमांशु के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों से स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।






