भारत सिंह चौहान
कोटा। कोटा किडनी फाउंडेशन, गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (GMC) एवं राजस्थान राज्य भारत स्काउट एंड गाइड (कोटा मंडल) के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को शहर में अंगदान जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।
राजस्थान राज्य भारत स्काउट एंड गाइड के पूर्व उप प्रधान इंजीनियर आर. सी. गुप्ता के नेतृत्व में यह अभियान आर.ए.सी. कैंप, कोटा में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में अंगदान नोडल अधिकारी डॉ. विकास खंडेलिया ने बटालियन के अधिकारियों एवं पुलिस जवानों को अंगदान के महत्व, प्रक्रिया और इससे जुड़ी भ्रांतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
डॉ. खंडेलिया ने कहा कि एक व्यक्ति का अंगदान कई जरूरतमंद लोगों को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने सभी से इस मानवीय पहल में आगे आने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान इंजीनियर आर. सी. गुप्ता एवं उनकी टीम की प्रेरणा से प्रभावित होकर आर.ए.सी. के कमांडेंट, पुलिस अधिकारियों और जवानों ने अंगदान करने का संकल्प लेते हुए शपथ ग्रहण की। उपस्थित पुलिसकर्मियों ने समाज में भी अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने और अधिक से अधिक लोगों को इस महादान के लिए प्रेरित करने का संकल्प व्यक्त किया।






