कोटा। पश्चिम मध्य रेलवे के मंडल रेल कार्यालय, कोटा से सहायक मंडल यांत्रिक इंजीनियर के पद से सेवानिवृत्त इंजी. रघुराज सिंह कर्मयोगी को जुलाई माह में मातेश्वरी विद्या देवी बाल शोध संस्थान, सिरसा के सौजन्य से संचालित अखिल भारतीय बाल साहित्य सम्मेलन के व्हाट्सएप मंच पर आयोजित विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की बाल साहित्य प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पांच प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
संस्था द्वारा आयोजित प्रतियोगिताओं की रचनाओं का विशेषज्ञ निर्णायक मंडल मूल्यांकन करता है, जिसके बाद श्रेष्ठ रचनाकारों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाते हैं। यह संस्था अप्रैल 2023 से राष्ट्रीय स्तर पर निरंतर बाल साहित्य प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रही है।
इंजी. रघुराज सिंह कर्मयोगी ने बताया कि वे बाल कहानी, बाल आलेख, निबंध, संस्मरण, व्यंग्य, महापुरुषों, स्वतंत्रता सेनानियों तथा असाधारण वीरता का प्रदर्शन करने वाले सेना के महानायकों के प्रेरक प्रसंगों जैसी विभिन्न विधाओं की प्रतियोगिताओं में नियमित भाग लेते रहे हैं। अप्रैल 2023 से अब तक उन्हें कुल 28 प्रमाण पत्र प्राप्त हो चुके हैं, जो अपने आप में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।
कोटा के अन्य बाल साहित्यकार सलीम स्वतंत्र एवं कालीचरण राजपूत को भी इस संस्था की विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए क्रमशः 10 और 3 प्रमाण पत्र प्राप्त हुए हैं। तीनों साहित्यकारों ने राष्ट्रीय स्तर पर कोटा का नाम गौरवान्वित किया है।
संस्था के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार निजात के नेतृत्व में राकेश जैन बंधु, बलबीर सिंह बागीश, संतोष कुमार सिंह, महेश मधुकर, गजाधर शर्मा, सौम्या पांडे एवं रश्मि सहित पूरी टीम बाल साहित्य के प्रचार-प्रसार तथा हिंदी भाषा के संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है






