कोटा। शहर के कोटड़ी स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को छत का प्लास्टर गिरने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोई छात्र इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे जनहानि नहीं हुई। हालांकि प्लास्टर गिरने से कक्षा में रखी टेबल, कुर्सियां और पंखे क्षतिग्रस्त हो गए।
अभिभावकों के अनुरोध पर सामाजिक कार्यकर्ता जीशान अली ने विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि विद्यालय के कई कमरों की छतों का प्लास्टर हाल ही में गिरा है, जिससे भवन की जर्जर स्थिति सामने आई है। बताया गया कि एक कमरे में सबसे अधिक प्लास्टर गिरा, जिससे वहां रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थानीय निवासियों और विद्यार्थियों के परिजनों ने विद्यालय भवन की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि अभी बारिश का मौसम पूरी तरह शुरू भी नहीं हुआ है। ऐसे में यदि समय रहते भवन की मरम्मत नहीं कराई गई तो तेज बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो सकता है।
परिजनों और क्षेत्रवासियों ने शिक्षा विभाग एवं प्रशासन से विद्यालय भवन की तत्काल मरम्मत कराने और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
















