Thursday, June 4, 2026
IMG-20260122-WA0067
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत विद्यार्थियों ने लिया जल बचाने का संकल्प, आंवली में होगा नए जल स्त्रोत का भूमि पूजन

भारत सिंह चौहान

कोटा। शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर कोटा-बारां एवं राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण के संयुक्त तत्वावधान में संचालित “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” के अंतर्गत बुधवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आवासन मंडल, केशवपुरा में जल संरक्षण जन-जागरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, स्काउट-गाइड सदस्यों, शिक्षकों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर जल संरक्षण का संकल्प लिया। वहीं अभियान के तहत गुरुवार को आंवली गांव स्थित वन भूमि पर नए जल स्त्रोत के निर्माण हेतु भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम संयोजक योगिता महावर ने प्रेस बयान जारी कर बताया कि अभियान का उद्देश्य आमजन, विशेषकर विद्यार्थियों एवं युवाओं को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा वर्षा जल संचयन एवं जल स्रोतों के संरक्षण के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जल संकट एक गंभीर समस्या बनता जा रहा है, ऐसे में समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जल बचाने की दिशा में अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता शिक्षा सहकारी अध्यक्ष एवं स्काउट गाइड जिला प्रधान प्रकाश जायसवाल थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता गाइड कैप्टन नीलम पारेता ने की। इस अवसर पर प्रकाश जायसवाल ने कहा कि जल ही जीवन का आधार है और यदि आज जल संरक्षण के प्रति सजग नहीं हुए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर संकट का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने घरों एवं आसपास पानी की बर्बादी रोकने के साथ-साथ लोगों को भी जागरूक करें।

प्रकाश जायसवाल ने कहा कि “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन-जन को जोड़ने वाला सामाजिक आंदोलन है। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम, श्रमदान, पौधारोपण, प्रभात फेरियां एवं जल स्रोतों के संरक्षण से जुड़े आयोजन किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास ही स्थायी समाधान बन सकते हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए गाइड कैप्टन नीलम पारेता ने कहा कि विद्यार्थियों में पर्यावरण एवं जल संरक्षण के संस्कार विकसित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से भी बड़े बदलाव संभव हैं और प्रत्येक व्यक्ति यदि प्रतिदिन जल बचाने का संकल्प ले तो भविष्य सुरक्षित किया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान स्काउट एवं गाइड विद्यार्थियों ने जल संरक्षण संबंधी संदेश दिए तथा पानी बचाने का संकल्प दोहराया। उपस्थित सभी लोगों ने जल स्रोतों के संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने का भरोसा दिलाया। आयोजन के अंत में सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles