कोटा। आरकेपुरम थाना क्षेत्र में लव मैरिज के तीन साल बाद एक 21 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव किराए के मकान में साड़ी के फंदे से लटका हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम करवाया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतका कुसुम बैरवा (21) निवासी टोंक अपने पति संजय सैनी (30) के साथ श्रीनाथपुरम क्षेत्र में किराए के मकान में रहती थी। संजय किसी काम से भीलवाड़ा गया हुआ था। मंगलवार दोपहर को वापस लौटने पर उसने पत्नी को कमरे में फंदे पर लटका देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
आरकेपुरम थाना एएसआई धनराज ने बताया कि संजय ने थाने में दी सूचना में बताया कि वह 31 मई की शाम तरबूज खरीदने के लिए भीलवाड़ा गया था। उसकी पत्नी कुसुम घर पर अकेली थी। 2 जून की दोपहर को लौटने पर मकान का मुख्य गेट बंद मिला। काफी आवाज लगाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला तो वह बाउंड्री कूदकर अंदर पहुंचा। कमरे का दरवाजा खुला था और कुसुम लोहे की एंगल से साड़ी के सहारे फंदे पर लटकी हुई थी।
सूचना पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। शव से दुर्गंध आने के कारण आशंका जताई जा रही है कि कुसुम 31 मई की रात से ही फंदे पर लटकी हुई थी। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया तथा परिजनों को सूचना दी।
बुधवार को पीहर पक्ष की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। मृतका के पिता रतनलाल ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए पुलिस को शिकायत सौंपी है।
परिजनों के अनुसार कुसुम ने वर्ष 2023 में संजय सैनी के साथ घर से भागकर प्रेम विवाह किया था। पिता रतनलाल का कहना है कि शादी के बाद बेटी से उनका संपर्क नहीं रहा। उन्हें घटना की जानकारी पुलिस से मिली, जिसके बाद वे कोटा पहुंचे।
फिलहाल पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





