रामगंजमंडी। कोटा ग्रामीण पुलिस ने रामगंजमंडी में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला से सोने की चेन झपटने की वारदात का महज 12 घंटे में खुलासा करते हुए तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की गई चेन बरामद कर ली है।
जानकारी के अनुसार 28 मई को 75 वर्षीय लीला बाई भागवत कथा में शामिल होने के लिए मेडतवाल समाज धर्मशाला पहुंची थीं। आरती के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात महिलाओं ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गईं। घटना के बाद पीड़िता की रिपोर्ट पर रामगंजमंडी थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर की सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर मात्र 12 घंटे में जुल्मी रोड क्षेत्र से तीन संदिग्ध महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उनके कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन बरामद कर ली गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार महिलाएं दिल्ली निवासी हैं और एक संगठित गिरोह के रूप में कार्य करती हैं। यह गिरोह ट्रेन एवं अन्य साधनों से विभिन्न राज्यों में पहुंचकर धार्मिक आयोजनों, बाजारों और अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर चोरी एवं झपटमारी की घटनाओं को अंजाम देता है। चोरी के माल को बेचकर प्राप्त रकम आपस में बांट ली जाती थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चांदनी, काजल और अंबिका के रूप में हुई है। पुलिस उनसे अन्य राज्यों और क्षेत्रों में की गई संभावित वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।






