कोटा ग्रामीण पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 लाख 28 हजार रुपए कीमत की ब्रांडेड अवैध शराब जब्त की है। यह कार्रवाई ऑपरेशन रूट क्लियरेंस के तहत साइबर सेल और चेचट थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही फोर्ड कंपनी की एंडेवर कार को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक कोटा ग्रामीण सुजीत शंकर ने बताया कि चेचट थाना क्षेत्र में मध्यप्रदेश के रास्ते गुजरात ले जाई जा रही 132 बोतल ब्रांडेड अवैध शराब बरामद की गई। तस्करों ने शराब को गुजरात नंबर की लग्जरी फोर्ड एंडेवर कार की डिग्गी और पीछे की सीट में छिपाकर रखा था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान वेकरिया अजय भाई और सुहागिया हितेश के रूप में हुई है। दोनों आरोपी गुजरात के सूरत निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एक्साइज एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे गुजरात में किसे सप्लाई किया जाना था।






