कोटा के स्वर्ण रजत मार्केट में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक द्वारा कारखानों वाली दुकानों की रेकी कर सर्राफा व्यापारी नरोत्तम सोनी के कारखाने से करीब 15 ग्राम सोने की चोरी कर ली गई। घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान भी कर ली गई है।
जानकारी के अनुसार आरोपी युवक पहले मार्केट की कई दुकानों पर घूमता नजर आया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक संदिग्ध तरीके से दुकानों का निरीक्षण कर रहा था। इसी दौरान वह निखिल ज्वेलर्स पर भी पहुंचा, जहां उससे पूछताछ करने पर उसने अंगूठी बनवाने की बात कही। कुछ देर रुकने के बाद वह वहां से चला गया।
इसके बाद युवक सर्राफा व्यापारी नरोत्तम सोनी के कारखाने पर पहुंचा। उस समय कारखाने में कारीगर मौजूद नहीं था। मौके का फायदा उठाकर युवक अंदर घुस गया और कारीगर की डेस्क को खंगालने लगा। इसी दौरान उसने प्लास्टर पर रखे करीब 15 ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर लिए और वहां से फरार हो गया।
नरोत्तम सोनी ने बताया कि उनकी नीचे स्थित दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में युवक की गतिविधियां नजर आ गई थीं। जैसे ही चोरी की जानकारी हुई, दुकानदार और कर्मचारियों ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह चकमा देकर भाग निकला।
व्यापारियों ने बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि मार्केट में लगातार बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ रही है, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं।
मामले की रिपोर्ट रामपुरा कोतवाली में दर्ज करवाई गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी पूर्व में भी इसी मार्केट की कुछ दुकानों में काम कर चुका है, जिससे उसे मार्केट और कारखानों की अच्छी जानकारी थी।






