कोटा में बढ़ती गर्मी को देखते हुए अखिल भारतीय अग्रवाल सेवा उत्थान समिति, कोटा संभाग के तत्वावधान में रविवार सुबह गोपाल निवास बाग, नयापुरा में बेजुबान पक्षियों के लिए 31 पानी के परिंडे बांधे गए।
संभाग महामंत्री संजय गोयल और गजानंद सिंगल ने बताया कि समिति पिछले 10 वर्षों से लगातार यह सेवा कार्य कर रही है। संभागीय अध्यक्ष मोहनलाल अग्रवाल के नेतृत्व में समाज द्वारा प्रकृति संरक्षण और जीवों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और भीषण गर्मी में पक्षियों को राहत पहुंचाने के लिए विभिन्न स्थानों पर परिंडे लगाए गए। साथ ही, इन परिंदों के रखरखाव और नियमित जल भराव के लिए दो माह का सेवा संकल्प भी लिया गया।
अग्रवाल ने कहा कि पक्षियों की सेवा मानवता का कर्तव्य है और ऐसे प्रयास समाज में संवेदनशीलता व सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
परिंडों में पानी भरने की जिम्मेदारी गौशाला के सदस्य और मंदिर के पुजारी को सौंपी गई, जिन्होंने इसे सहर्ष स्वीकार किया।





