_भारत सिंह चौहान
कोटा/कोटा विकास प्राधिकरण में आज आयोजित समीक्षा बैठक में आयुक्त बचनेश कुमार अग्रवाल ने विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर स्पष्ट और सख्त संदेश दिया। उन्होंने दो टूक कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या घटिया गुणवत्ता बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अधिकारियों और संवेदकों को संबोधित करते हुए आयुक्त ने कहा कि कार्यादेश तय दरों और आपसी सहमति के आधार पर जारी किए जाते हैं, इसलिए उच्च स्तरीय गुणवत्ता सुनिश्चित करना संवेदकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
निगरानी होगी और कड़ी आयुक्त ने निदेशक अभियांत्रिकी रवींद्र माधुर को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं के लिए विस्तृत टाइम-चार्ट और कार्ययोजना तैयार की जाए, जिससे कार्य तय समयसीमा में पूरे हो सकें।
सड़कों पर तुरंत सुधार के आदेश डी.एल.पी. अवधि वाली सड़कों पर तत्काल पैचवर्क पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही चेतावनी दी गई कि किसी भी तकनीकी खामी या लापरवाही पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
औचक निरीक्षण करेंगे आयुक्त आयुक्त अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि वे स्वयं समय-समय पर निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण करेंगे और यदि कहीं भी कमी पाई गई तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई तय है।
लंबित कार्यों पर भी फोकस जिन कार्यों के वर्क ऑर्डर जारी हो चुके हैं लेकिन अब तक शुरू नहीं हुए हैं, उन्हें तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सचिव मुकेश कुमार चौधरी, लेखा अनुभाग के मोहर सिंह, कॉन्ट्रैक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेश शर्मा सहित 100 से अधिक संवेदक और अधिकारी उपस्थित रहे।






