कोटा। मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रोड पर शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे चलती स्कूटी में अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते स्कूटी में आग की लपटें उठने लगीं। घटना हॉस्पिटल के गेट के पास हुई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार स्कूटी सवार वार्ड बॉय ड्यूटी पर आने के लिए हॉस्पिटल पहुंचा था। हॉस्पिटल गेट के पास अचानक स्कूटी से धुआं उठता देख उसने वाहन रोक दिया। इसके बाद स्कूटी में आग लग गई। बताया जा रहा है कि स्कूटी में करीब 2-3 लीटर पेट्रोल था।
हॉस्पिटल चौकी के कॉन्स्टेबल बालुदास वैष्णव ने बताया कि स्कूटी में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और कैंपर से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। आग धीरे-धीरे बढ़ रही थी। इस दौरान आसपास के दुकानदार भी मदद के लिए आगे आए और बाल्टियों से पानी डालकर आग पर काबू पाने में सहयोग किया।
हॉस्पिटल के बाहर चाय की दुकान लगाने वाले देवराज गुर्जर ने बताया कि घटना के समय बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद थे। स्कूटी जलती रही और लोग उसे देखते रहे। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्कूटी पर बोरी डालकर आग को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिसकर्मी पानी का कैंपर लेकर पहुंचे और पानी डालकर आग पर काबू पाया। कुछ ही देर में हॉस्पिटल की फायर ब्रिगेड टीम भी मौके पर पहुंच गई।
फिलहाल स्कूटी में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।







