कोटा ग्रामीण क्षेत्र में आज सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। सांगोद थाना इलाके के मंडीता पंचायत के गुडला गांव स्थित बालाजी की पुलिया पर लोहे के पाइपों से भरा एक ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया।
सुबह करीब 8:30 बजे हुए इस हादसे में ट्रेलर के पलटते ही उसमें लदे भारी-भरकम लोहे के पाइप सड़क पर बिखर गए। पाइप नीचे बने दो मकानों पर जा गिरे, जिससे चतरभुज बेरवा और बाबूलाल बेरवा के घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे में सुनीता बेरवा (35) और मदनलाल बेरवा (40) घायल हो गए, जिन्हें तुरंत कोटा रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
सांगोद थाने के एसआई अब्दुल कलाम के अनुसार, ट्रेलर सांगोद से कोटा की ओर जा रहा था। वहीं मंडीता सरपंच ललित किशोर खटीक ने बताया कि पाइपों के गिरने से एक बिजली का पोल भी टूट गया, जिससे पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था ठप हो गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






