Tuesday, August 25, 2026
Screenshot_2026-02-16-14-04-33-20_6012fa4d4ddec268fc5c7112cbb265e7
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शिक्षा सहकारी स्काउट गाइड के विश्व वानिकी सप्ताह का समापन 

-भारत सिंह चौहान

नन्ही बुलबुल ने रैंप वॉक कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

आलनिया (कोटा)। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड, स्थानीय संघ कोटा दक्षिण तथा शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर कोटा-बारां के संयुक्त तत्वावधान में 21 मार्च से 31 मार्च तक मनाए जा रहे विश्व वानिकी सप्ताह का मंगलवार को समापन उत्साहपूर्वक किया गया। समापन समारोह में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई, जिसमें छोटे-छोटे बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह का दिल जीत लिया। विशेष आकर्षण बच्चों द्वारा किया गया रैंप वॉक रहा, जिसमें उन्होंने हाथों में पर्यावरण संरक्षण से संबंधित संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों को प्रकृति बचाने का संदेश दिया। “पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ”, “जल है तो कल है” जैसे नारों के माध्यम से बच्चों ने सभी को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर एक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें पर्यावरण, वन संरक्षण एवं जैव विविधता से जुड़े प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इससे विद्यार्थियों में ज्ञानवर्धन के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति जागरूकता भी बढ़ी।

समारोह के मुख्य अतिथि शिक्षा सहकारी के अध्यक्ष एवं स्काउट गाइड के जिला प्रधान प्रकाश जायसवाल थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीओ स्काउट बृज सुंदर मीणा ने की। विशिष्ट अतिथियों में रामगंजमंडी स्थानीय संघ के सचिव दयाल सिंह, नीलम पारेता एवं भारती महावर उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने अपने संबोधन में पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रपति अवॉर्डी प्रवीण कुमार शर्मा ने कुशलतापूर्वक किया। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles