कोटा शहर की मकबरा थाना पुलिस ने महिला के गले से सोने की चैन लूटने के 10 साल पुराने मामले में फरार चल रहे स्थाई वारंटी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी त्रिदेव पुत्र रमेश, निवासी अलाउद्दीनपुर थाना झिंझाना जिला शामली (उत्तर प्रदेश) का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिलीप सैनी और वृत्ताधिकारी लोकेन्द्र पालीवाल के निर्देशन में मकबरा थाना प्रभारी लईक अहमद के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस से बचने के लिए आरोपी कई वर्षों से अपने गांव नहीं जा रहा था और अलग-अलग शहरों में कपड़ों की फेरी लगाकर छिपता फिर रहा था। पुलिस टीम ने जनगणना कर्मचारी बनकर आरोपी की जानकारी जुटाई और लगातार पीछा करते हुए उसे कोटा के बालिता रोड स्थित बावरिया बस्ती से गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब है कि वर्ष 2015 में महिला से चैन लूट के मामले में आरोपी के खिलाफ मकबरा थाने में केस दर्ज हुआ था और कोर्ट द्वारा उसके खिलाफ स्थाई वारंट जारी किया गया था।






