कोटा/श्री आदिशक्ति सेवा प्रकल्प ट्रस्ट के तत्वाधान में रविवार दोपहर भीतरीय कुंड परिसर में एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर परिवारजनों एवं सर्व समाज के हजारों लोगों की उपस्थिति में समाजसेवी श्री बंसीलाल महावर (पूर्व मैनेजर, एसबीबीजे बैंक) एवं उनकी धर्मपत्नी रामभरोसी देवी ने देहदान का संकल्प लेते हुए औपचारिक रूप से फार्म भरकर मेडिकल ऑफिसर डॉ. प्रिया जगनिया को संकल्प पत्र सौंपा।
कार्यक्रम के दौरान बंसीलाल महावर ने बताया कि आदिशक्ति सेवा प्रकल्प ट्रस्ट द्वारा पूर्व में भी मेडिकल शिक्षा प्राप्त कर रहे दो विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई थी। इसी क्रम में इस वर्ष कृष्णा शाक्यवाल, जो एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र हैं, उनकी संपूर्ण पढ़ाई का खर्च ट्रस्ट द्वारा वहन किया जाएगा।
रामभरोसी देवी ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में महावर समाज के लोगों द्वारा सामूहिक संकल्प लिया गया, जिसमें समाज से शराब, धूम्रपान एवं अन्य नशे जैसी कुरीतियों को समाप्त करने का प्रण लिया गया। साथ ही लोगों को नशा त्यागने के लिए जागरूक करने का संकल्प भी लिया गया, जिससे समाज और देश की उन्नति सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने यह भी बताया कि बंसीलाल महावर एवं श्रीमती रामभरोसी देवी पिछले 8 वर्षों से बुद्ध ज्योति स्वयं सहायता संस्थान एवं स्वयं सहायता समिति के माध्यम से निरंतर समाज सेवा में समर्पित हैं।
कार्यक्रम में ट्रस्ट के संचालक मंडल की घोषणा भी की गई, जिसमें रामगोपाल वर्मा, जितेंद्र जैथल, मिश्रिलाल महावर एवं सुनीता महावर के नाम शामिल हैं। इस अवसर पर आदर्श महात्मा बुद्ध कोली उत्थान समिति के अध्यक्ष जितेंद्र एवं महामंत्री रामगोपाल वर्मा का माला पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।
ट्रस्ट पदाधिकारियों ने देहदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे “महादान” बताया और अधिक से अधिक लोगों से इस पुनीत कार्य में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि देहदान से चिकित्सा शिक्षा एवं शोध कार्यों को बल मिलता है, जिससे भविष्य में अनेक लोगों का जीवन बचाया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में सेवा, समर्पण और मानवता के संदेश के साथ सभी उपस्थित जनों ने जनकल्याण के इस कार्य को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।






