कोटा शहर में इन दिनों 2 किलो धनिया को लेकर हुआ विवाद चर्चा का विषय बना हुआ है। आंवली रोझड़ी (मुकुंदरा के पास) निवासी 60 वर्षीय कन्हैयालाल मित्तल का आरोप है कि उन्होंने 11 तारीख को बाजार स्थित बंसल ट्रेडर्स से 2 किलो साबुत धनिया खरीदा था, लेकिन अन्य सामान लेने के दौरान वह धनिया दुकान पर ही भूल गए और दुकानदार से कह दिया कि बाद में आकर ले जाएंगे।कन्हैयालाल मित्तल का कहना है कि वह हार्ट पेशेंट हैं और तबीयत खराब होने के कारण तुरंत वापस नहीं जा सके। 14 तारीख को जब वह दोबारा दुकान पर पहुंचे और धनिया मांगा तो दुकानदार ने देने से इंकार कर दिया। इस पर ग्राहक ने दुकान के CCTV कैमरों की फुटेज दिखाने की मांग करते हुए कहा कि यदि फुटेज में कोई व्यक्ति धनिया ले जाता दिखाई देता है तो वह उसकी कीमत का 100 गुना भुगतान करने को तैयार हैं, लेकिन दुकानदार ने CCTV दिखाने से मना कर दिया।मामले को लेकर होलसेल व्यापार महासंघ हाड़ौती संभाग अध्यक्ष पंकज बागड़ी का कहना है कि वह समझौता कराने पहुंचे थे, लेकिन CCTV नहीं दिखाने के कारण उन्होंने इस मामले से खुद को अलग कर लिया और उनका मानना है कि यहां व्यापारी की गलती है।वहीं बंसल ट्रेडर्स के दुकानदार ने इस पूरे मामले पर टिप्पणी करने से इंकार करते हुए कहा कि उन्हें इस विषय में कुछ नहीं कहना है। दूसरी ओर ग्राहक कन्हैयालाल मित्तल का कहना है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह दुकानदार के खिलाफ कोर्ट में मानहानि का दावा भी दायर करेंगे। फिलहाल यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।






