नेशनल कांग्रेस वर्कर्स कमेटी के तत्वावधान में कोटा में होली पर्व पर मिलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष वरिष्ठ समाजसेवी आबिद खान, कोटा जिला अध्यक्ष नितिन गौतम तथा प्रदेश उपाध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ इंदिरा मीणा ने किया।
जिला अध्यक्ष नितिन गौतम ने बताया कि होली केवल रंगों का नहीं, बल्कि एकता, भाईचारे और मिलन का महान पर्व है। इस अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं ने मिलकर एक-दूसरे को रंग लगाकर एवं गले मिलकर प्रेम और सौहार्द का संदेश दिया।
प्रदेश उपाध्यक्ष इंदिरा मीणा ने कहा कि होली का पर्व सम्मान, सेवा भाव और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। आज सभी समुदायों और धर्मों के लोगों ने साथ आकर आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ होली मनाई, जो समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है।
वरिष्ठ समाजसेवी आबिद खान ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदू-मुस्लिम एकता हमारी सबसे बड़ी ताकत है। नफरत फैलाने वाली शक्तियों को करारा जवाब देते हुए आज के इस आयोजन के माध्यम से एकता और सद्भाव का संदेश दिया गया है।
कार्यक्रम में पूर्व पार्षद गोपाल दास, अनीता मीणा, लक्ष्मी मीणा, सरोज खान, सफिया खान, ज्योति मीणा, अंजलि मीणा, शाइस्ता खान, आलम खान सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में सभी ने देश और प्रदेश की खुशहाली, शांति और सामाजिक सौहार्द की कामना की।




