जोधपुर। शहर में एटीएम से छेड़छाड़ कर ग्राहकों के खाते से पैसे उड़ाने का मामला सामने आया है। बदमाश एटीएम मशीन में एक विशेष डिवाइस फिट कर देते थे, जिससे ग्राहक द्वारा निकाली गई राशि मशीन से बाहर न निकलकर उस डिवाइस में फंस जाती थी। ग्राहक को लगता था कि रुपए एटीएम में अटक गए हैं, जबकि बदमाश बाद में मौके पर पहुंचकर अपनी डिवाइस से नकदी निकालकर ले जाते थे।
अब तक यूको बैंक के एक एटीएम में तीन वारदातें की जा चुकी हैं, जिनमें कुल 9,500 रुपए निकाले जाने की पुष्टि हुई है। शिकायतें मिलने पर बैंक अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें संदिग्ध व्यक्ति एटीएम में छेड़छाड़ कर नकदी निकालते दिखाई दिए। बैंक मैनेजर की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जांच जारी है।






