कोटा। शहर के एलवी फूड्स होटल स्टेशन पर वरिष्ठ साहित्यकार एवं सेवानिवृत्त सीबीईओ रीता गुप्ता की कृति ‘जिंदगी में धूप छांव’ का गरिमामय समारोह में विमोचन किया गया। कार्यक्रम में साहित्य जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियों और गणमान्य लोगों ने शिरकत की। कृतिकार रीता गुप्ता ने अपनी बेटी भूमिका के साथ सभी अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया।
समारोह के मुख्य अतिथि विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर शैलेन्द्र शर्मा रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्थान साहित्य अकादमी, उदयपुर के सचिव बसंत सिंह सोलंकी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. सरिता जैन, उदयपुर उपस्थित रहीं। मुख्य वक्ता कथाकार विजय जोशी तथा सारस्वत अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार जितेन्द्र निर्मोही ने साहित्यिक कृति और साहित्य के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में स्नेहलता शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी ने कृतिकार का परिचय प्रस्तुत किया। कवयित्री अल्पना गर्ग ने सरस्वती वंदना और कवयित्री साधना शर्मा ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन कवि महेश पंचोली ने किया, जबकि अंत में लेखिका भूमिका ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह साहित्यिक विमर्श, सम्मान और रचनात्मक अभिव्यक्ति का सुंदर संगम रहा। कृति के विमोचन ने साहित्य प्रेमियों को लेखिका की रचनात्मक यात्रा और जीवन के विविध अनुभवों से जुड़ने का अवसर प्रदान किया।





