हाड़ौती के पहले FICS फेलो डॉ. राजेन्द्र ताखर को भेंट की गई प्रेरणादायी कृति ‘विचारों की उड़ान’
विशेष संवाददाता: भारत सिंह चौहान
कोटा/कोलकाता में 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित राष्ट्रीय श्वसन रोग सम्मेलन (नेपकॉन) में चिकित्सा, शोध और शिक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित फेलोशिप ऑफ इंडियन चेस्ट सोसाइटी (FICS) से सम्मानित कोटा मेडिकल कॉलेज के श्वसन रोग विभाग के प्रोफेसर डॉ. राजेन्द्र ताखर को यह सम्मान प्रदान किया गया। वे हाड़ौती क्षेत्र के पहले चिकित्सक हैं, जिन्हें इस प्रतिष्ठित फेलोशिप से नवाजा गया है। इस उपलब्धि से पूरे कोटा और हाड़ौती क्षेत्र में गौरव की अनुभूति है।
कोटा के रचनाकार परमानन्द गोयल ने अपनी प्रेरणादायी कृति “विचारों की उड़ान : जीवन आपका, नजरिया आपका और दृष्टिकोण भी आपका” की प्रति डॉ. ताखर को सादर भेंट की।
पुस्तक की महत्ता को रेखांकित करते हुए डॉ. ताखर ने कहा, “‘विचारों की उड़ान’ वस्तुतः आत्ममंथन की चेतना जागृत करने और व्यक्तित्व में सकारात्मक दृष्टिकोण देने वाली प्रभावी रचना है।”
कृति के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए रचनाकार परमानन्द गोयल ने कहा कि यह पुस्तक उनके संचित जीवन अनुभवों का सार और सामाजिक उत्तरदायित्व के निर्वहन की दिशा में एक विनम्र पहल है। सहज, मर्मस्पर्शी एवं विचारोत्तेजक शैली में रचित यह पुस्तक मानवीय मूल्यों, सामाजिक सरोकारों और जीवन के विविध आयामों को सकारात्मक आलोक प्रदान करती है।
ज्ञातव्य है कि कोटा लौटने पर डॉ. ताखर को कई संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया गया। इसी क्रम में राजीव गांधी नगर ऑक्सीज़ोन विकास समिति की ओर से भी उनका भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष प्रतीक गोयल, महामंत्री हिम्मत सिंह बालूपा, संजय जैन, डॉ. मनीष गौतम, हेमराज नागर, डॉ. अंकित गर्ग, डॉ. कैलाश धाकड़ सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रबुद्ध वर्ग और आम पाठकों के बीच इस कृति की निरंतर बढ़ती लोकप्रियता यह सिद्ध करती है कि यह मात्र एक साहित्यिक दस्तावेज नहीं, अपितु जीवन को सार्थकता और सहजता से जीने की राह दिखाने वाला एक जीवंत पाथेय है।






