विजय श्री विद्यालय की दो छात्राओं का राष्ट्रीय मलखंभ प्रतियोगिता के लिए चयन, प्रतिभा सम्मान समारोह में किया सम्मानित
प्रेस रिपोर्टर रामावतार राठौर✍️
कोटा। विजय श्री विद्यालय, छावनी कोटा की छात्राओं ने मलखंभ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और शहर का नाम रोशन किया है। 70वीं राज्य स्तरीय मलखंभ प्रतियोगिता का आयोजन फलोदी में हुआ, जिसमें 17 वर्षीय एवं 19 वर्षीय छात्रा वर्ग में कोटा टीम ने चैंपियनशिप हासिल की। प्रतियोगिता में विजय श्री विद्यालय की छात्रा रिषिका नागर एवं लक्षिता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही दोनों छात्राओं को राजस्थान टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अवसर मिला है।
प्रतिभावान खिलाड़ियों का प्रतीक चिह्न देकर सम्मान
छात्राओं की इस उपलब्धि पर विजय श्री विद्यालय परिसर में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विद्यालय निदेशक संजीव विजय, वार्ड पार्षद भूपेंद्र प्रजापति, मीडिया एवं प्रेस रिपोर्टर रामावतार राठौर, राष्ट्रीय कोच गोपाल सिसोदिया, राजेंद्र राठौर, किरण मीणा तथा विद्यालय संरक्षक मधु विजय ने खिलाड़ियों को प्रतीक चिह्न, उपहार, शील्ड एवं बैग देकर सम्मानित किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
खेलों के साथ शिक्षा का भी महत्व बताया
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र कुमार मीणा एवं मधु विजय ने विद्यार्थियों को ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने और अनुशासन, मेहनत एवं निरंतर अभ्यास के माध्यम से अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
अन्य खिलाड़ियों का भी हुआ सम्मान
समारोह के दौरान मलखंभ, खेलकूद एवं अखाड़ा गतिविधियों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें तरुण सेन, गणेश, नंदिनी, डोली, मिहिर राज, निर्भय, भाव्यांश, देवेश, लक्षिता, रिषिका महावर, जानवी, कृष्णा एवं रिषिका नागर सहित अन्य खिलाड़ी शामिल रहे।
विद्यालय परिवार ने सभी खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके बेहतर प्रदर्शन की कामना की। राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान का प्रतिनिधित्व करने जा रहीं रिषिका नागर एवं लक्षिता की सफलता से विद्यालय में खुशी का माहौल है।









