सेवा सेतु अभियान: कोटा विकास प्राधिकरण में विशेष शिविर शुरू, पहले दिन 90 आवेदन प्राप्त
कोटा। राज्य सरकार के सेवा सेतु अभियान के तहत कोटा विकास प्राधिकरण (KDA) में 7 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार को कोटा विकास प्राधिकरण के आयुक्त बचनेश कुमार अग्रवाल ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से शिविर में प्राप्त हो रहे प्रकरणों और आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली।
शिविर के प्रथम दिवस विभिन्न सेवाओं से संबंधित कुल 90 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें बकाया लीज राशि जमा करवाकर फ्री-होल्ड एवं लीज मुक्ति प्रमाण-पत्र से संबंधित 65 आवेदन, भवन मानचित्र के 8 आवेदन, नाम हस्तांतरण के 14 आवेदन तथा भूखंडों के उप-विभाजन एवं पुनर्गठन से संबंधित 3 आवेदन शामिल हैं।
बकाया लीज राशि पर ब्याज में 100 प्रतिशत छूट
सेवा सेतु अभियान के तहत प्राप्त आवेदनों में पिछले वर्षों की बकाया लीज राशि को वर्ष 2025-26 तक एकमुश्त जमा करवाने पर ब्याज में 100 प्रतिशत छूट दी जा रही है। वहीं फ्री-होल्ड के लिए 10 वर्ष तथा लीज मुक्ति के लिए 8 वर्ष की लीज राशि अग्रिम एकमुश्त जमा करवाने पर बकाया लीज राशि में 60 प्रतिशत छूट का प्रावधान किया गया है।
भू-उपयोग परिवर्तन और भवन निर्माण शुल्क में भी रियायत
अभियान के तहत भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क में 500 वर्गमीटर तक 50 प्रतिशत तथा 500 से 1000 वर्गमीटर तक 25 प्रतिशत छूट दी जा रही है।
इसी प्रकार भवन निर्माण स्वीकृति के अंतर्गत 250 वर्गमीटर तक के भूखंडों के लिए शुल्क 2,500 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं 251 से 500 वर्गमीटर तक के भूखंडों पर 50 प्रतिशत छूट प्रदान की जा रही है।
लंबित प्रकरणों के निस्तारण की अपील
आयुक्त बचनेश कुमार अग्रवाल ने आमजन से अपील की कि वे सेवा सेतु अभियान के तहत आयोजित इन विशेष शिविरों में अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर अपने लंबित प्रकरणों का निस्तारण करवाएं और राज्य सरकार की ओर से दी जा रही विभिन्न छूट एवं रियायतों का अधिकतम लाभ उठाएं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले नागरिकों को आवश्यक जानकारी एवं उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए तथा प्राप्त प्रकरणों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।






