जयपुर। अर्धसैनिक बल के जवानों और उनके परिवारों की लंबित आर्थिक सहायता सहित विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को सांगानेर एयरपोर्ट के बाहर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व नेशनल कांग्रेस वर्कर्स कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष एवं हाड़ौती के समाजसेवी आबिद खान, कोटा जिला अध्यक्ष नितिन गौतम सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने किया।
प्रदर्शन में शहीद मेजर राजेंद्र सिंह चौहान की पत्नी ने आरोप लगाया कि उनके पति को शहीद का दर्जा दिए जाने के बावजूद पिछले तीन वर्षों से आर्थिक सहायता के लिए उन्हें कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने सरकार से लंबित सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराने की मांग की।
वहीं, अर्धसैनिक बल के ब्रिगेडियर संजय अग्रवाल की पत्नी ने भी आर्थिक सहायता से जुड़ी समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और परिवार के खर्चों के लिए उन्हें पिछले तीन वर्षों से संबंधित कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उनका आरोप है कि अब तक उन्हें आर्थिक सहायता के संबंध में कोई ठोस समाधान नहीं मिला है।
प्रदर्शन के दौरान आबिद खान ने कहा कि देश की सुरक्षा में अपना योगदान देने वाले अर्धसैनिक बल के जवानों और उनके परिवारों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार से लंबित मामलों का शीघ्र समाधान करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि अर्धसैनिक बल के परिवारों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो प्रदेशभर में आंदोलन किया जाएगा।
कोटा जिला अध्यक्ष नितिन गौतम ने कहा कि जो जवान अपने परिवार से दूर रहकर देश की सुरक्षा में जिम्मेदारी निभाते हैं, उनके परिवारों को आर्थिक सहायता और अन्य सुविधाओं के लिए परेशान नहीं होना चाहिए। उन्होंने सरकार से शहीद एवं अर्धसैनिक बल के परिवारों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान जयपुर के समाजसेवक सुरेंद्र सोलंकी और अल्ताफ मेमन ने भी अपनी बात रखी। उन्होंने सरकार की नीतियों को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि आम नागरिकों और जरूरतमंद परिवारों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए।
प्रदर्शन में आबिद खान, नितिन गौतम, शंकर सिंह, असलम खान, नरेंद्र, उस्मान, आमिर, भगवती प्रसाद, विक्रम सोलंकी, सुरेंद्र सिंह जादौन, जितेंद्र सिंह, महेश सिंह, गोपाल दास, साहिल खान, वीरेंद्र वर्मा और नरेश सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।





