रीमा पटेल और निधि रानी ने रजत, कविता कुमारी ने कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया पश्चिम मध्य रेलवे का गौरव
कोटा। कोलकाता के भारतीय खेल प्राधिकरण मैदान, साल्ट लेक में 11 से 13 सितम्बर तक आयोजित 91वीं अखिल भारतीय रेलवे एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2026 में पश्चिम मध्य रेलवे का प्रतिनिधित्व करते हुए कोटा मंडल की तीन महिला रेलकर्मियों ने शानदार प्रदर्शन कर दो रजत और एक कांस्य सहित कुल तीन पदक जीते। प्रतियोगिता में देशभर की विभिन्न क्षेत्रीय रेलों एवं उत्पादन इकाइयों के लगभग 500 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि मैराथन दौड़ में रीमा पटेल ने रजत पदक हासिल किया। रीमा तुगलकाबाद डिपो में वरिष्ठ लिपिक के पद पर कार्यरत हैं। इससे पूर्व वे क्रॉस कंट्री दौड़ की एशियाई प्रतियोगिता में भी पदक जीत चुकी हैं।
चक्का फेंक स्पर्धा में निधि रानी ने रजत पदक प्राप्त किया। निधि तुगलकाबाद डिपो में कार्यालय अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने हाल ही में राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए महिला चक्का फेंक स्पर्धा में चौथा स्थान प्राप्त किया था।
गोला फेंक स्पर्धा में कविता कुमारी ने कांस्य पदक जीता। कविता मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, कोटा की सामान्य शाखा में कनिष्ठ लिपिक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने जुलाई में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी पदक प्राप्त किया था।
पश्चिम मध्य रेलवे एथलेटिक्स टीम के राष्ट्रीय खेल संस्थान प्रशिक्षक अशोक पूनिया ने बताया कि मंडल खेल अधिकारी श्री अविरल शर्मा के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में पश्चिम मध्य रेलवे की टीम ने कुल चार पदक जीते हैं, जिनमें से तीन पदक कोटा मंडल की महिला खिलाड़ियों के नाम रहे। तीनों खिलाड़ी पूर्व में भी विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुकी हैं।
रेलवे की जिम्मेदारियों के निर्वहन के साथ खेल के क्षेत्र में इन महिला रेलकर्मियों की उपलब्धि उनके अनुशासन, निरंतर अभ्यास और समर्पण को दर्शाती है। उनके प्रदर्शन से पश्चिम मध्य रेलवे एवं कोटा मंडल के रेलकर्मियों में हर्ष है।






