कोटा निकाय चुनाव 2026 को लेकर कोटा शहर में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव सम्पन्न कराने तथा आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का निर्देशन पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम द्वारा किया गया।
फ्लैग मार्च में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुभाष चंद्र मिश्रा, सहित समस्त वृर्ताधिकारीगण व थानाधिकारीगण एवं थानों का पुलिस जाप्ता, क्यूआरटी, पुलिस लाइन का जाप्ता तथा कालिका पेट्रोलिंग यूनिट व RAC की कंपनियां शामिल रही। बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की मौजूदगी से शहर में पुलिस की सक्रियता एवं मुस्तैदी का संदेश दिया गया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल ने शहर के प्रमुख मार्गों, बाजारों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल एवं वाहनों के साथ भ्रमण किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने आमजन से शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान करने की अपील की। साथ ही आमजन को विश्वास दिलाया गया कि चुनाव के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।
पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को चुनाव के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की कानून व्यवस्था संबंधी स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
फ्लैग मार्च के माध्यम से असामाजिक एवं कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, भय का माहौल उत्पन्न करने अथवा शांतिभंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान शहरवासियों एवं व्यापारियों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से सुरक्षा का भरोसा कायम हुआ।
पुलिस द्वारा निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी एवं आवश्यक पुलिस व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।






