बूंदी। बूंदी जिले के दईसखेड़ा थाना क्षेत्र में 28 जुलाई को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक अधेड़ की कोटा के एमबीएस अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है तथा मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान ओमप्रकाश मीणा, निवासी जलोदा खतियां के रूप में हुई है। बताया गया कि 28 जुलाई को वह अपनी पत्नी रामसिया मीणा को उनके पीहर छोड़ने के बाद मोटरसाइकिल से जयपुर नौकरी पर जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान पापड़ी पुलिया के पास उनकी मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद उन्हें उपचार के लिए कोटा के एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी रामसिया मीणा ने शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका पता लगाया जा रहा है।






