उदयपुर। शहर के व्यस्त पंचवटी क्षेत्र में स्थित एक ज्वेलरी शोरूम में चोरों ने बेहद दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए शटर उखाड़कर करीब 90 लाख से एक करोड़ रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें चार बदमाश चोरी करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
यह घटना हाथीपोल थाना क्षेत्र के पंचवटी स्थित नवीन ज्वेलर्स की है। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे दुकान के कर्मचारी बंशीलाल ने दुकान का साइड शटर उखड़ा और कांच का दरवाजा टूटा हुआ देखा। उसने तुरंत दुकान मालिक नवीन स्वरूपरिया को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे दुकान मालिक ने अंदर देखा तो दुकान से करीब 22 लाख रुपये के हीरे, 390 ग्राम सोने के आभूषण, करीब 12 किलोग्राम चांदी के जेवर व बर्तन, चांदी के सिक्के तथा दुकान में रखी 9.75 लाख रुपये की नकदी गायब थी।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में चार बदमाश बैग में जेवर भरते हुए दिखाई दिए हैं। कुछ आरोपियों ने अपना चेहरा कपड़े से ढका हुआ था। फुटेज के अनुसार सभी आरोपी पंचवटी पुलिया की ओर से आए, साइड का शटर उखाड़कर दुकान में घुसे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
कांच तोड़ते समय घायल होने के संकेत
पुलिस के अनुसार घटनास्थल के निरीक्षण में दुकान के अंदर और टूटे हुए कांच के पास खून के धब्बे मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि कांच तोड़ने के दौरान कोई आरोपी घायल हुआ है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
पुलिस जांच में जुटी
हाथीपोल थानाधिकारी राजू देवी ने बताया कि दुकान मालिक नवीन स्वरूपरिया की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
पीड़ित ज्वेलर ने चोरी गए माल और नकदी की कुल कीमत करीब 90 लाख से एक करोड़ रुपये बताई है तथा पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए माल की बरामदगी की मांग की है।






