सीकर। राजस्थान के सीकर जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जिले के धोद थाना क्षेत्र के सरवड़ी गांव में एक युवक ने घर में घुसकर 25 वर्षीय गर्भवती महिला पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में महिला के गले, हाथ और पैर पर गंभीर चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जयपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता प्रियंका (25) करीब तीन माह पहले प्रसव के लिए अपने पीहर सरवड़ी गांव आई थी। वह छह माह की गर्भवती है। उसके पति महाराष्ट्र में फर्नीचर का काम करते हैं। घटना मंगलवार दोपहर की बताई जा रही है। उस समय महिला अपने तीन वर्षीय बेटे के साथ घर में थी।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान गांव का रहने वाला एक युवक घर में घुसा और महिला पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोपी ने महिला के गले पर वार किया और उसके हाथ-पैर पर भी कई चोटें पहुंचाईं। हमले के बाद वह मौके से फरार हो गया।
करीब दस मिनट बाद जब महिला के पिता घर पहुंचे तो उन्होंने बेटी को गंभीर रूप से घायल अवस्था में देखा। इसके बाद परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। सीकर के ट्रॉमा सेंटर में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जयपुर रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
इस घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण धोद थाने पहुंचे और सीकर–लोसल मार्ग पर धरना देकर सड़क जाम कर दी। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को आश्वस्त किया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है और उसे जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल घायल महिला का जयपुर में उपचार जारी है तथा पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
















