चाकूबाजी के आरोपी को दबोचने वाले यातायात पुलिसकर्मियों का हुआ सम्मान, साहस और कर्तव्यनिष्ठा को मिला सलाम
कोटा। गुमानपुरा थाना क्षेत्र में 27 जुलाई को हुई चाकूबाजी की घटना के दौरान अपनी जान की परवाह किए बिना साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देकर आरोपी को पकड़ने वाले यातायात पुलिसकर्मियों राजाराम विश्नोई एवं राकेश मीणा का समाजसेवी एवं भाटिया एंड कंपनी के निदेशक प्रेम भाटिया द्वारा सम्मान किया गया।
इस अवसर पर प्रेम भाटिया ने दोनों पुलिसकर्मियों को अपने वर्कशॉप पर आमंत्रित कर उनका माल्यार्पण एवं सम्मान किया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों ने जिस बहादुरी और तत्परता के साथ आरोपी को पकड़कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में योगदान दिया, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है। ऐसे कर्मठ पुलिसकर्मियों का सम्मान होना आवश्यक है, ताकि उनका मनोबल और अधिक बढ़े।
कार्यक्रम में गुमानपुरा यातायात पुलिस के ट्रैफिक इंस्पेक्टर दारा सिंह भी उपस्थित रहे। साथ ही भाटिया एंड कंपनी की सहायक महाप्रबंधक श्रीमती रजनी शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग भी समारोह में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने दोनों यातायात पुलिसकर्मियों के साहस, त्वरित निर्णय क्षमता और कर्तव्य के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सम्मान समारोह में पुलिस और समाज के बीच बेहतर समन्वय एवं सहयोग की भावना को भी रेखांकित किया गया।






