कोटा। राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) द्वारा आयोजित वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा) प्रतियोगी परीक्षा-2026 दिनांक 12 जुलाई से 18 जुलाई तक आयोजित की जानी है। परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आवागमन को ध्यान में रखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल ने चार परीक्षा स्पेशल अनारक्षित/मेमू गाड़ियों के संचालन का प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा है।
प्रस्तावित गाड़ियों का उद्देश्य झालावाड़, बारां एवं आसपास के क्षेत्रों से कोटा स्थित परीक्षा केंद्रों तक अभ्यर्थियों को समय पर एवं सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराना है।
प्रस्तावित गाड़ियां इस प्रकार हैं—
1. अकलेरा–कोटा : अकलेरा से प्रातः 03:05 बजे प्रस्थान, झालावार सिटी-03.56,कोटा 06.25 बजे आगमन।
2. कोटा–अकलेरा : कोटा से 20:30 बजे प्रस्थान, झालावार सिटी-22.30,अकलेरा 00:25 बजे आगमन।
3. छबड़ा गुगोर–सोगरिया : छबड़ा गुगोर से प्रातः 04:30 बजे प्रस्थान, बारां-05.30, सोगरिया 07:30 बजे आगमन।
4. सोगरिया–छबड़ा गुगोर : सोगरिया से सायं 19:15 बजे प्रस्थान, बारां-20.26, छबड़ा गुगोर 22:00 बजे आगमन।
रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ये गाड़ियां अभी प्रस्तावित हैं। मुख्यालय से स्वीकृति प्राप्त होने के उपरांत इनके संचालन, ठहराव एवं विस्तृत समय-सारिणी की अलग से सूचना जारी की जाएगी।
रेल प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि परीक्षा के दौरान भीड़ प्रबंधन एवं सभी यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्वीकृति मिलने पर परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का ही अधिकाधिक उपयोग करें तथा नियमित ट्रेनों में अनावश्यक भीड़ बढ़ाने से बचें। भीड़ प्रबंधन एवं यात्रियों के सुचारु आवागमन के लिए प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर टिकट जांच कर्मचारियों एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती की गयी है। साथ ही सभी अभ्यर्थियों से अनुरोध है कि वे वैध रेल टिकट लेकर ही यात्रा करें, जिससे यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।





















