भारत सिंह चौहान
कोटा/ चम्बल रिवर फ्रंट पर 25 मई को शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर द्वारा मां चम्बल की आरती, दीपदान और भव्य कलश यात्रा के साथ जिला स्तर पर शुरू हुए वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान में ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर तक आमजन को जोड़ते हुए इसे एक जन अभियान का रूप दिया गया है। शहरों में विभिन्न वार्डों एवं गांवों में सामूहिक जल शपथ एवं संकल्प के साथ ही तालाब, बावड़ियों एवं अन्य जल स्रोतों की सामूहिक श्रमदान से सफाई कर अभियान में आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
जिला परिषद सभागार में बुधवार को आयोजित मीडिया राउंड टेबल के दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं वंदे गंगा अभियान के जिला नोडल अधिकारी कमल कुमार मीणा ने मीडिया कर्मियों को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान में शामिल विभिन्न विभागों द्वारा कार्ययोजना बनाकर 25 मई से जल संरक्षण, स्वच्छता एवं श्रमदान के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गई हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग द्वारा 25 मई को सभी ग्राम पंचायतों में कलश यात्रा, सरोवर पूजन एवं पीपल पूजन जैसी गतिविधियों के साथ पूरे जिले में अभियान शुरू किया गया था। 26 मई को विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन कर उसमें अभियान के बारे में चर्चा की गई एवं सभी को जल संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। विभिन्न ग्राम पंचायतों में जल स्रोतों, जल संरक्षण ढांचों की सफाई, हरियालो राजस्थान की पूर्व तैयारी के तहत प्लांटेशन के लिए गड्ढे खोदने, अमृत सरोवरों एवं बावड़ियों की सफाई जैसे कार्य किए गए। कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के तहत हैंडपम्पों के पास सोख्ता गड्ढे बनाकर भू-जल रिचार्ज के प्रयास किए जा रहे हैं।
मीणा ने बताया कि अभियान में शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, स्थानीय विधायकों एवं अन्य जन प्रतिनिधियों के साथ ही आमजन का भी सहयोग मिला। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न स्थानों पर प्रभात फेरी, साईकिल रैली, जनसंवाद, जल चौपाल जैसे कार्यक्रम आयोजित कर जल संरक्षण के लिए जागरूकता पैदा की गई। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा पानी की टंकियों की सफाई की गई। ऊर्जा विभाग द्वारा ट्रांसफार्मर के आसपास सफाई, सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा सरकारी कार्यालयों की छतों पर सफाई की गई।
एसीईओ जिला परिषद मजहर इमाम ने बताया कि ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग द्वारा जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 10-10 परिंडे बांधे जा रहे हैं। साथ ही, श्रमदान के माध्यम से तालाब एवं बावड़ियों सहित प्राचीन जल स्रोतों की सफाई और मरम्मत करवाई जा रही है।
नगर निगम के अधिकारियों बताया कि वंदे गंगा अभियान के तहत 25 मई को किशोर सागर तालाब पर श्रमदान कर सफाई की गई तथा दीपदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। बंधा धर्मपुरा गौशाला एवं किशोरपुरा कायन हाउस में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर गायों के बाड़ों की सफाई तथा पानी की खेळ को साफ कर चुने की पुताई की गई। निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों को सामूहिक जल शपथ दिलाई गई। 31 मई को सेवन वंडर्स पर प्रभात रैली, सामूहिक श्रमदान एवं जल संरक्षण का संकल्प दिलाने जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। निगम द्वारा सामूहिक श्रमदान से अभी तक शहर की 35 बावड़ियों की सफाई की गई, 4 हजार 600 से अधिक सोख्ता गड्ढों तथा प्लांटेशन के लिए 22 हजार गड्ढों का निर्माण किया गया।
राउंड टेबल में जल ग्रहण विभाग के अधीक्षण अभियंता उमेश कुमार गुप्ता ने बताया कि विभाग द्वारा सांगोद में अमृत सरोवर पर सामूहिक श्रमदान कर सफाई की गई। मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के तहत पाटली नदी पर एनीकट का जीर्णोद्धार किया गया, देवलीखुर्द ग्राम पंचायत के हरिपुरा गांव में एनीकट कम रपट का निर्माण करवाया गया।
कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक अतीश कुमार शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत किसानों को स्प्रिंकलर एवं ड्रिप इरीगेशन, फार्म पौण्ड, पाइप लाइन की स्वीकृति जारी करने के कार्य किए जा रहे हैं। कृषि विज्ञान केन्द्रों पर किसान चौपाल, संगोष्ठी आयोजित कर किसानों को जैविक खेती एवं प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। हरियालो राजस्थान की पूर्व तैयारी के तहत साढ़े तीन हजार गड्ढे खोदे गए। सौर ऊर्जा के क्षेत्र में नवाचार करने वाले किसानों को जिला स्तर पर सम्मानित किया गया।
अभियान में स्वायत्त शासन विभाग द्वारा अभियान के अंतर्गत उजाड़ नदी पर सफाई, पूजन एवं जल संरक्षण कार्यों का शुभारंभ किया गया। सुकनी नदी सहित अन्य सरोवरों पर दीप प्रज्वलन के माध्यम से जल संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश दिया गया। विभिन्न नगर पालिकाओं द्वारा पौधारोपण, सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोकथाम के लिए कपड़े के थैले वितरण, कलश यात्रा, संकल्प तथा प्रभात फेरी के माध्यम से जागरूकता फैलाई गई। जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभियान के तहत अरु नदी एनीकट पर जल पूजन, तकली बांध, पोलाई कलां तालाब पर जल उपयोक्ता संगमों के सहयोग से सफाई अभियान, नौनेरा बैराज पर जल पूजन, वृक्षारोपण एवं जल संकल्प जैसी गतिविधियां आयोजित कर अभियान में आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की गई। पशुपालन विभाग द्वारा गायत्री परिवार गौशाला बंधा एवं सुल्तानपुर गौशाला में सफाई अभियान के साथ ही विभिन्न पशु चिकित्सा संस्थानों में परिंडे बांधने, सफाई करने एवं प्लास्टिक से गायों को हो रहे नुकसान के बारे में आमजन को जागरूक करने संबंधी गतिविधियां आयोजित की गई।
मीडिया राउंड टेबल की शुरुआत में उप निदेशक सूचना एवं जनसम्पर्क एमएम शेख ने अधिकारियों एवं मीडिया कर्मियों का स्वागत करते हुए अभियान के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में राजीविका की डीपीएम नेहा चतुर्वेदी, नगर निगम से अधिशाषी अभियंता आरती परिहार, पशुपालन विभाग से डॉ. नितेश भारद्वाज सहित पीडब्ल्यूडी, पीएचईडी एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।





















