बारां: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने रविवार को बारां में ट्रैफिक इंचार्ज एसआई चंद्रप्रकाश को 7 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी एसआई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से मासिक बंधी के नाम पर अवैध वसूली कर रहा था.
एसीबी के एएसपी कालूराम वर्मा ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली संचालकों से नियमित रूप से मासिक बंधी लेने की शिकायत मिली थी. शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी एसआई को 7 हजार रुपए रिश्वत राशि लेते पकड़ लिया. कार्रवाई एसीबी के एएसपी कालूराम वर्मा के नेतृत्व में की गई. ट्रैप के बाद एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है. उसके ठिकानों और आय से अधिक संपत्ति के संबंध में भी जांच की जा रही है. एसीबी अधिकारियों ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है. जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी. कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. एसीबी मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है, ताकि अवैध वसूली के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके. एसआई चंद्रप्रकाश के खिलाफ एसीबी को काफी शिकायतें मिल रही थी. एसआई चंद्रप्रकाश पर शहर मेंं दुकानदारों को परेशान करने का भी आरोप है. आरोपी है कि ट्रैफिक इंचार्ज चंद्रप्रकाश शहर में यातायात व्यवस्था पर ध्यान देने के बजाय हाइवे पर ट्रैक्टर ट्रॉलियों को रोककर उनसे वसूली करता था.










