Sunday, May 31, 2026
IMG-20260122-WA0067
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

बदलते दौर में 36 गुणों के साथ आदतों, प्राथमिकताओं और व्यावहारिक सामंजस्य का आकलन भी है जरूरी – परमानन्द गोयल 

कुंडली मिलान : वैचारिक मिलान

लेखक : परमानन्द गोयल

ज्योतिष अलंकार (वेदांग ज्योतिष अनुसंधान संस्था, कोटा)

स्नातकोत्तर – अकाउंटेंसी एवं बिज़नेस स्टेटिस्टिक्स, शिक्षा, इकोनॉमिक्स

पारंपरिक भारतीय समाज में विवाह से पूर्व वर और वधू की जन्म-पत्रिकाओं का मिलान किया जाता है। इसमें कुल मिलाकर 36 पॉइंट या ‘गुण’ होते हैं। मान्यता है कि जितने अधिक गुण मिलते हैं, वैवाहिक जीवन में आपसी तालमेल और अनुकूलता उतनी ही बेहतर होती है। इन 36 गुणों को 8 अलग-अलग श्रेणियों (कूटों) में विभाजित किया गया है। हर कूट को एक से लेकर आठ तक अंक (पॉइंट्स) दिए गए हैं। इनका कुल योग 1 + 2 + 3 + 4 + 5 + 6 + 7 + 8 = 36 होता है।

अष्टकूट मिलान का ज्योतिषीय स्वरूप:

1. वर्ण (1 गुण): यह वर-वधू के आध्यात्मिक और मानसिक विकास को दर्शाता है। इसे चार श्रेणियों (ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य और शूद्र) में बांटा गया है। इसका उद्देश्य दोनों की कार्यशैली में सामंजस्य देखना है।

2. वश्य (2 गुण): यह कूट आपसी वर्चस्व को नापता है। इसके पांच प्रकार (द्विपद, चतुष्पद, जलचर, वनचर, कीट) होते हैं। इससे पता चलता है कि विवाह के बाद क्या कोई एक दूसरे पर हावी होगा या बराबरी का सम्मान रहेगा।

3. तारा (3 गुण): चंद्रमा के नक्षत्रों के आधार पर नौ प्रकार की ताराओं की गणना की जाती है। यह दोनों के आपसी भाग्य, स्वास्थ्य और आयु पर पड़ने वाले प्रभाव को दर्शाती है।

4. योनि (4 गुण): यह जैविक और शारीरिक अनुकूलता का पैमाना है। ज्योतिष में इसे विभिन्न पशुओं के व्यवहार से जोड़ा गया है। यदि दोनों की योनि में स्वाभाविक शत्रुता हो, तो दांपत्य सुख में कमी आती है।

5. ग्रह मैत्री (5 गुण): यह सबसे महत्वपूर्ण कूटों में से एक है, जो वर-वधू की चंद्र राशि के स्वामियों के बीच की मित्रता को देखता है। ग्रहों में मित्रता होने पर वैचारिक संवाद और दैनिक बातचीत बहुत सहज होती है।

6. गण (6 गुण): मनुष्य के स्वभाव को तीन गणों (देव- सात्विक व शांत, मनुष्य- व्यावहारिक व महत्वाकांक्षी, राक्षस- उग्र व स्वतंत्र) में बांटा गया है। देव और राक्षस गण के मिलान में वैचारिक टकराव की संभावना बढ़ जाती है।

7. भकूट या राशि कूट (7 गुण): यह दोनों की राशियों के बीच की दूरी को देखता है। भकूट मिलान सीधे तौर पर पारिवारिक समृद्धि, वंश वृद्धि और भावनात्मक जुड़ाव को प्रभावित करता है। ‘भकूट दोष’ होने पर रिश्तों में दूरी आने का खतरा रहता है।

8. नाड़ी (8 गुण): अष्टकूट मिलान में इसे सबसे अधिक 8 अंक दिए गए हैं। नाड़ी तीन प्रकार की होती है: आदि, मध्य और अंत्य, जो वात, पित्त और कफ प्रवृत्तियों का प्रतिनिधित्व करती हैं। वर और वधू की नाड़ी एक होने पर ‘नाड़ी दोष’ लगता है। वैज्ञानिक दृष्टि से इसे ‘जेनेटिक मैचिंग’ माना जाता है, क्योंकि समान नाड़ी होने पर संतानोत्पत्ति में बाधा या आनुवंशिक बीमारियों की आशंका रहती है।

मिलान के परिणाम का पैमाना:

18 से कम गुण: विवाह के लिए अनुपयुक्त या अत्यधिक संघर्षपूर्ण।

18 से 24 गुण: मध्यम मिलान , विवाह की अनुमति दी जा सकती है, यदि मुख्य दोष न हों ।

25 से 32 गुण: उत्तम मिलान , वैवाहिक जीवन के लिए बहुत अच्छा।

33 से 36 गुण: सर्वोत्तम मिलान ,अति दुर्लभ, वैचारिक रूप से पूर्ण सामंजस्य।

विशेष व्यावहारिक दृष्टिकोण: यदि कुंडली मिलान पर विश्वास करते हैं तो केवल गुणों का मिलना ही काफी नहीं होता। इसके साथ ‘मंगल दोष’, व्यक्तिगत कुंडली का सप्तम भाव (विवाह स्थान) और ग्रहों की महादशा को भी देखना चाहिए। कई विद्वानों का मानना है कि 25 वर्ष की आयु के बाद कुंडली मिलान की आवश्यकता नहीं होती है।

न्यूनतम 18 और अधिकतम 36 गुणों का यह गणित एक ‘संभावित ब्लूप्रिंट’ तो तैयार करता है, लेकिन आज के दौर में शिक्षा के प्रसार, जनरेशन गैप, विवाह की बढ़ती उम्र और अति-महत्वाकांक्षा जैसे कारणों से जमीनी धरातल पर दो इंसानों की रोजमर्रा की आदतों, समर्पण और जीवनशैली रूपी ‘वैचारिक मिलान’ भी अनिवार्य हो गया है।

जीवन के धरातल पर व्यावहारिक व वैचारिक मिलान

1. परवरिश, परिवेश और पारिवारिक संरेखण (Background & Family Alignment)

कोई व्यक्ति किस माहौल में पला-बढ़ा है, वह उसकी बुनियादी सोच तय करता है।

पारिवारिक स्तर में संतुलन: वर और वधू पक्ष के परिवारों की लाइफस्टाइल, सामाजिक प्रतिष्ठा और वित्तीय सोच में संतुलन होना जरूरी है। इसमें बड़ा विरोधाभास नवदंपती के रिश्तों पर सीधा असर डालता है।

पारिवारिक ढांचा (संयुक्त बनाम एकल): क्या दोनों पक्ष संयुक्त परिवार की परंपराओं व सामूहिक जिम्मेदारियों के समर्थक हैं, या वे एकल परिवार की स्वतंत्रता और निजता (प्राइवेसी) को तरजीह देते हैं?

वधू की मां का दृष्टिकोण: क्या मां का जुड़ाव बेटी के प्रति संतुलित मार्गदर्शन देने वाला है, या उनका अति-हस्तक्षेप (Over-involvement) वाला है, जो अनजाने में बेटी को नए घर में रचने-बसने में बाधा बनता है?

बौद्धिक व समझ का स्तर: केवल डिग्रियों का मेल ही नहीं, बल्कि आईक्यू (IQ) और मानसिक स्तर का आसपास होना भी जरूरी है, ताकि आपसी संवाद में हीनभावना या बोरियत न आए।

2. दैनिक दिनचर्या, शारीरिक आदतें और इंद्रिय क्षमता (Habits & Sensory Traits)

स्फूर्ति बनाम आलस्य: एक पार्टनर यदि सुबह जल्दी उठने वाला ऊर्जावान (Active) है और दूसरा देर तक सोने वाला आरामपसंद, तो रोजमर्रा की सुबह ही तालमेल के संघर्ष से शुरू होती है।

खान-पान का स्वभाव: भोजन का समय, मात्रा और सात्विक भोजन के प्रति लगाव बनाम बाहर (रेस्टोरेंट/फास्ट फूड) खाने के शौक का संतुलन भी मायने रखता है।

फिटनेस और शारीरिक आकर्षण: रूप-रंग, हाइट के साथ-साथ स्वास्थ्य व फिटनेस के प्रति दोनों का समान रूप से गंभीर होना जरूरी है।

इंद्रिय क्षमताएं व बारीकियाँ: दोनों की याददाश्त का स्तर कैसा है? छोटी बातें भूल जाना या हर बात पकड़ कर रखना स्वभाव को प्रभावित करता है। यहाँ तक कि साफ-सफाई (Hygiene) और सुगंध के प्रति संवेदनशीलता जैसी बारीकियाँ भी दैनिक जीवन का हिस्सा हैं।

3. धन, विलासिता और करियर के प्रति दृष्टिकोण (Financial & Career Outlook)

बचत बनाम लक्ज़री: एक व्यक्ति भविष्य के लिए बचत करने और सादगी में विश्वास रखता है, जबकि दूसरा ब्रांड्स, आधुनिक गैजेट्स और विलासिता पर खर्च करने का आदी है, तो टकराव निश्चित है।

पैसे से लगाव और लाइमलाइट: क्या एक पार्टनर बिना किसी दिखावे के शांति से काम करना चाहता है, जबकि दूसरे को हर छोटे-बड़े काम में सामाजिक पहचान और ‘लाइमलाइट’ की चाहत है?

कार्य के प्रति समर्पण: करियर को लेकर महत्वाकांक्षा का स्तर क्या है? क्या दोनों ‘वर्क-लाइफ बैलेंस’ के पक्षधर हैं, या काम के आगे परिवार गौण है?

4. मनोरंजन, कला और डिजिटल लाइफस्टाइल (Leisure & Digital Footprint)

पहनावा और प्रेजेंटेशन: सजने-संवरने, फैशन और अपना एक ‘स्टैंडर्ड’ बनाए रखने की समझ में यदि बहुत बड़ा अंतर हो, तो सार्वजनिक जीवन में असहजता आ सकती है।

संवाद शैली व जिंदादिली: बातचीत में हाजिरजवाबी, चुटकुले सुनाना या गुनगुनाने का शौक रखना महफिल की जान होता है। क्या दूसरा पार्टनर इस जिंदादिली को पसंद करता है या इसे समय की बर्बादी मानता है?

सोशल मीडिया के प्रति रुख: क्या एक पार्टनर अपनी निजी जिंदगी को रील्स और तस्वीरों के जरिए लगातार साझा करने का शौकीन है, जबकि दूसरा अपनी प्राइवेसी को लेकर बेहद सतर्क है? यह आज के दौर का बड़ा सच है।

पर्यटन व घूमना-फिरना: क्या दोनों को नई जगहें और प्रकृति पसंद है, या वे छुट्टियों में घर पर रहकर आराम करना पसंद करते हैं?

5 . स्वभाव, अभिव्यक्ति और आपसी समर्पण (Temperament & Mutual Devotion)

वाणी और लहजा: बातचीत में सम्मान और अपनत्व होना चाहिए। यदि आवाज कुदरती रूप से कर्कश, तीखी या व्यंग्यपूर्ण है, तो वह रिश्तों में कड़वाहट घोलती है।

समर्पण की भावना: क्या दोनों में एक-दूसरे की कमियों को स्वीकार करने और संकट के समय ढाल बनकर खड़े होने का जज्बा है?

सामाजिकता का दायरा: एक पार्टनर का अत्यधिक बाह्यमुखी (Extrovert) होना और दूसरे का अंतर्मुखी (Introvert) होना भी सामंजस्य की मांग करता है।

6. आंतरिक मूल्य, मानवता और अध्यात्म (Core Values & Empathy)

कला, संस्कृति व आस्था: पारंपरिक मूल्यों, साहित्य, इतिहास या धार्मिक यात्राओं के प्रति झुकाव। यदि एक नास्तिक और दूसरा अत्यधिक आस्तिक हो, तो वैचारिक मतभेद गहरे हो जाते हैं।

सहानुभूति और दान-धर्म: समाज के कमजोर वर्ग के प्रति दया भावना और अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति रुचि किसी भी व्यक्ति की आत्मा का आईना होती है।

वैचारिक मिलान का सार:

ग्रह-नक्षत्रों का पारंपरिक मिलान यदि रास्ते की बाधाओं का एक ‘संभावित नक्शा’ देता है, तो ये व्यावहारिक बिंदु उस गाड़ी के ‘इंजन और पहिए’ हैं, जिन्हें अंततः उस रास्ते पर असलियत में चलना है। शादी के 10 या 20 साल बाद जब शारीरिक आकर्षण कम हो चुका होगा, तब ये दो विचार, स्वभाव और जीवनशैलियाँ ही एक-दूसरे का हाथ थामकर आगे बढ़ती हैं।

इस पूरे मिलान का सबसे महत्वपूर्ण निचोड़ यह है कि यदि वर या वधू में से किसी एक में भी ‘कंप्रोमाइज’ करने की क्षमता और लचीलापन (Flexibility) है, तो जीवन आसानी से चलेगा। यानी इंजन मजबूत हो, पहियों का एलाइनमेंट (विचारों का तालमेल) सही हो और किसी एक में भी झुकने का हुनर हो, तो दांपत्य जीवन का सफर खूबसूरत होना तय है।

IMG-20260415-WA0158
previous arrow
next arrow

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles