संवाददाता अखिल नामा
बारां, | राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड मुख्यालय, जयपुर के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय राष्ट्रपति गाइड प्रमाणपत्र प्रशिक्षण शिविर के लिए बारां जिले से 10 गाइड्स का चयन किया गया है। यह प्रशिक्षण शिविर माउंट आबू में 26 मई से 30 मई 2026 तक आयोजित होगा। चयन की घोषणा होते ही जिलेभर में प्रसन्नता एवं गौरव का वातावरण है।
चयनित गाइड्स राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड की ओर से सर्वोच्च राष्ट्रपति प्रमाणपत्र की दिशा में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी, जो उनके अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा-भाव और राष्ट्रनिर्माण में योगदान का महत्वपूर्ण पड़ाव है।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर सभी चयनित गाइड्स, उनके अभिभावकों, गाइड कैप्टन्स एवं स्काउट-गाइड परिवार ने सीईओ सुनीता मीणा जी को उनके निरंतर मार्गदर्शन, प्रेरणा और प्रशासनिक सहयोग के लिए हार्दिक बधाई एवं आभार प्रकट किया है।
सीईओ सुनीता मीणा ने कहा कि
“बारां जिले से 10 गाइड्स का राज्य स्तरीय राष्ट्रपति गाइड प्रमाणपत्र प्रशिक्षण शिविर के लिए चयन होना हम सभी के लिए गर्व का विषय है। यह सफलता गाइड्स की कड़ी मेहनत, अनुशासन और सेवा-भाव के साथ-साथ गाइड कैप्टन्स व अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। हमारा प्रयास है कि जिले की बालिकाएँ आत्मविश्वास, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा के मूल्यों के साथ आगे बढ़ें। मैं सभी चयनित गाइड्स को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देती हूँ और विश्वास व्यक्त करती हूँ कि वे माउंट आबू में आयोजित इस शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले व राज्य का नाम रोशन करेंगी।”
राज्य स्तरीय इस शिविर के माध्यम से गाइड्स को व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व प्रशिक्षण, सामाजिक सेवा, आपदा प्रबंधन एवं नागरिक दायित्वों से संबंधित उन्नत प्रशिक्षण मिलेगा, जो उन्हें राष्ट्रपति प्रमाणपत्र की पात्रता की ओर अग्रसर करेगा।
अंत में, जिला स्काउट-गाइड परिवार के सभी सदस्यों एल ए सचिव भैरु लाल भास्कर , सुवि खंडेलवाल,जितेन्द्र कुमार शर्मा,अनिल कुमार , कविता नागर इत्यादि ने चयनित गाइड्स देवकी कश्यप,दीक्षा पोटर,भूमिका पंकज, सिया तोमर,गरिमा सुमन,गुंजन सिंह, दिव्या पोटर, प्रिया पोटर, सोनाक्षी दाधीच यामिनी सेन और गाइडर अंजली यादव को बारां रेलवे स्टेशन पर विदाई देते हुए एवं शुभकामनाएँ देते हुए उनके सफल प्रशिक्षण एवं आगामी उपलब्धियों के लिए मंगलकामनाएँ प्रेषित की हैं।






